हाथरस लक्खी मेला: 1000 पुलिसकर्मी और 120 एआई कैमरों से होगी निगरानी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
हाथरस के ऐतिहासिक दाऊजी महाराज लक्खी मेले में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। एक हजार पुलिसकर्मी और 120 एआई कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी होगी।
हाथरस। ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव बल्देव छठ के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले 115वें प्रांतीय लक्खी मेले को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में मेला संयोजकों और समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने साफ कहा कि यह मेला जिले की गौरवशाली विरासत और जन-आस्था का प्रतीक है, इसलिए इसकी मर्यादा और गरिमा बनाए रखना सभी की साझी जिम्मेदारी है।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब एक हजार पुलिसकर्मियों का पहरा रहेगा, जिनमें तीन सौ महिला पुलिसकर्मी विशेष रूप से तैनात की जा रही हैं। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए मेला परिसर में 120 अत्याधुनिक एआई कैमरे लगाए जा रहे हैं। पूरे मेला क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से नौ जोन और नौ सेक्टरों में विभाजित किया गया है। अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी है कि मेले के दौरान अश्लील गानों के प्रसारण, अमर्यादित कार्यक्रमों और तय सीमा से अधिक तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित आयोजकों के खिलाफ सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगंतुक श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र के चौदह प्रमुख स्थानों पर शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर लगाए गए हैं। मंदिर परिसर में जूता-चप्पल सुरक्षित रखने के लिए कूपन और शेड की व्यवस्था की गई है, जबकि मीना बाजार में आवागमन को निर्बाध बनाए रखने के लिए निकास मार्गों को पहले से अधिक चौड़ा और सुगम किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थल तय कर लिए गए हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Also Click : UP Flood: यूपी में बाढ़ के बीच योगी सरकार का राहत अभियान तेज, अब तक 21,333 लोगों को सुरक्षित पहुंचाया
What's Your Reaction?







