हाथरस के विघैपुर में भव्य रामलीला महोत्सव का आगाज, जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ
हाथरस के विघैपुर गांव में न्यू बाल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में रामलीला महोत्सव शुरू हुआ। जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर मंचन का शुभारंभ किया।
हाथरस तहसील क्षेत्र के गांव विघैपुर में न्यू बाल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में रामलीला महोत्सव का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
महोत्सव का संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ सांसद अनूप बाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा और चौधरी अर्जुन सिंह ने किया। अतिथियों ने भगवान गणेश के चित्र के सामने दीप जलाकर वंदन किया और ग्रामीणों को इस सांस्कृतिक उत्सव की बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रामलीला केवल एक धार्मिक मंचन नहीं है, बल्कि यह युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति, मर्यादा, उच्च नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। भगवान राम के जीवन चरित्र और उनके आदर्श समाज को त्याग, सत्य, कर्तव्यपरायणता और सदाचार के मार्ग पर चलने की सीख देते हैं। उन्होंने सभी से राम के जीवन दर्शन को अपने आचरण में उतारने की अपील की।
कमेटी के पदाधिकारियों ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति के अनुसार आगामी दिनों में कलाकारों द्वारा प्रभु के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन किया जाएगा।
इस दौरान कमेटी संरक्षक चौधरी अर्जुन सिंह, अध्यक्ष प्रेम शर्मा, हरवीर सिंह, पिंकू शर्मा, मोहित शर्मा, अजय शर्मा, कन्हैया सिंह प्रधान, विक्रम सिंह जादौन, भूरा चौधरी, कोमल सिंह तोमर सहित कमेटी के अनेक सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?