लखनऊ में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाएं और मुफ्त कानूनी मदद

लखनऊ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वृहद विधिक सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा। आमजन को निःशुल्क कानूनी परामर्श और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

By INA News Desk
Sep 17, 2026 - 22:25
3 Views
लखनऊ में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, एक ही छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाएं और मुफ्त कानूनी मदद

लखनऊ। कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक न्याय की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने तथा शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राजधानी में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष व वरिष्ठ न्यायमूर्ति के मार्गदर्शन में प्रदेशव्यापी अभियान के तहत यह विशेष पहल की जा रही है। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह के कुशल निर्देशन में राजधानी में इस वृहद शिविर की रूपरेखा तय की गई है।

प्राधिकरण की प्रभारी सचिव शोभा भाटी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों को विधिक समस्याओं से मुक्ति दिलाना और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सलाह, लोक अदालत से जुड़े दिशा-निर्देश, अधिकारों के प्रति विधिक साक्षरता और अन्य आवश्यक सेवाएं सहजता से मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि आर्थिक या सामाजिक कारणों से विधिक सहायता से वंचित रह जाने वाले लोगों के लिए यह मंच बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।

इस विशाल शिविर में शासन के विभिन्न प्रमुख विभाग एक साथ सहभागिता करेंगे। इसमें ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास, बेसिक, माध्यमिक, उच्च व प्राविधिक शिक्षा विभाग, कृषि, वानिकी और मत्स्य पालन विभाग शामिल रहेंगे। इसके साथ ही श्रम कल्याण परिषद, पुलिस विभाग की मानव तस्करी रोकथाम इकाई, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), कौशल विकास मिशन, राजस्व, परिवहन, आवास एवं नगर विकास विभाग भी अपने स्टॉल लगाएंगे।

वित्तीय सहायता और सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत बैंक और नाबार्ड जैसी संस्थाएं बीमा व ऋण संबंधी सहायता उपलब्ध कराएंगी। इसके अतिरिक्त केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पौधा संस्थान (सीमैप), डूडा, खाद्य सुरक्षा एवं रसद विभाग तथा कई स्वयंसेवी संस्थाएं भी हेल्प डेस्क स्थापित कर लोगों का मार्गदर्शन करेंगी। विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से संतृप्त करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रभारी सचिव ने आम नागरिकों और जरूरतमंदों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सेवा शिविर का लाभ उठाएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow