हरदोई में पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान: विधायक ने बांटे स्वीकृति पत्र, सीएचसी में रोपे पौधे

हरदोई के सवायजपुर में पीएम मोदी के जन्मदिवस पर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने मंदिर में जलाए दीप। सीएचसी में फल वितरण, पौधारोपण और योजनाओं के पत्र बांटे।

By INA News Desk
Sep 17, 2026 - 22:37
3 Views
हरदोई में पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान: विधायक ने बांटे स्वीकृति पत्र, सीएचसी में रोपे पौधे

हरदोई। सार्वजनिक जीवन में सेवा और सुशासन के पच्चीस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में विविध सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई।

क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने क्षेत्रवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर रूपापुर कौंशिया स्थित प्रसिद्ध कन्हैयालाल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।

मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने भी इस दौरान सामूहिक प्रार्थना में सहभागिता की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत सवायजपुर मंडल के ग्राम फद्दुल्लापुर मझकरिया में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।

ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के निर्बल और उपेक्षित वर्गों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना ही सेवा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य है। इस मौके पर दीप जलाकर शुभकामनाएं दी गईं।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष सुरजीत कुशवाहा, ग्राम प्रधान वीरेश कुशवाहा और खंड विकास अधिकारी तिलक शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधायक ने सवायजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचाराधीन मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें पौष्टिक फल वितरित किए।

अस्पताल परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए उन्होंने औषधीय व छायादार पौधे रोपे।

इस दौरान सीएचसी प्रभारी चिकित्सक डॉक्टर मुजिव खान, जिला मंत्री अदिति कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष सुरजीत कुशवाहा, महामंत्री सत्य देव मिश्रा, निवर्तमान अध्यक्ष केपी सिंह, उपाध्यक्ष राम प्रकाश सिंह और पूर्व प्रधान कौशल पाल मुख्य रूप से मौजूद रहे।

अभियान के अगले चरण में साण्डी विकास खंड सभागार में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक ने शिरकत की। वहां उन्होंने सुशासन से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के चयनित लाभार्थियों से संवाद स्थापित कर उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपे।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह राजपूत, प्रधान संघ अध्यक्ष आलोक सिंह, खंड विकास अधिकारी अस्मिता सेन और चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर अखिलेश वाजपेई सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow