Lucknow News: राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर सीएम योगी ने जलाए आशीर्वाद के दीये, प्रदेशभर में शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के प्रेरणा स्थल पर आशीर्वाद का दीया जलाकर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की।

By INA News Desk
Sep 17, 2026 - 22:46
39 Views
Lucknow News: राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर सीएम योगी ने जलाए आशीर्वाद के दीये, प्रदेशभर में शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान
Advertisement
Advertisement

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और भगवान विश्वकर्मा की पावन जयंती के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से राज्यव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का विधिवत शुभारंभ हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रेरणा स्थल पहुंचकर देश के महान विचारकों, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं के समक्ष ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया। इस पहल के साथ ही पूरे प्रदेश में जनकल्याण, रचनात्मक कार्यों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों की श्रृंखला शुरू हो गई।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेरणा स्थल परिसर में उपस्थित विद्यार्थियों और युवाओं से सीधा संवाद किया। सहज वातावरण में उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनका उत्साहवर्धन किया और इस आत्मीय क्षण को अपने मोबाइल कैमरे में भी दर्ज किया। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद छात्र-छात्राओं को मिष्ठान और चॉकलेट वितरित करते हुए उन्हें लगन और अनुशासन के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी।

प्रधानमंत्री मोदी नए भारत के शिल्पी: मुख्यमंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समस्त प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि आज का दिन दोहरे उत्सव का संगम है, क्योंकि एक तरफ राष्ट्र शिल्पी भगवान विश्वकर्मा का पूजन हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ आधुनिक भारत के रूपांतरण के सूत्रधार प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिवस है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार भगवान विश्वकर्मा को इस समग्र सृष्टि का रचनाकार माना जाता है, ठीक उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से नए भारत के शिल्पी बनकर देश को विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।

आज विश्व पटल पर भारत की पहचान एक आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से सुदृढ़ और तकनीकी नवाचारों में अग्रणी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता प्रधानमंत्री की विकसित भारत 2047 की संकल्पना को साकार करने के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

करोड़ों दीपों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचा सेवा का संकल्प

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह सेवा, त्याग और समर्पण की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक ले जाने का सामूहिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर देशभर में करोड़ों दीप सकारात्मक सोच, जनसेवा और राष्ट्र निष्ठा के प्रतीक बनकर जगमगा रहे हैं।

यह अभियान केवल महापुरुषों के स्मारकों या सार्वजनिक स्थलों तक सीमित नहीं है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा पहलों के लाभार्थियों के घरों तक पहुंच रहा है। इन सभी घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के प्रति कृतज्ञता और सहभागिता का भाव प्रकट किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अभियान से जुड़े पार्टी कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, लाभार्थियों और जागरूक नागरिकों के समर्पण की सराहना की।

12 वर्षों में बुनियादी ढांचे और तकनीक के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पिछले एक दशक से अधिक समय में देश के भीतर हुए संरचनात्मक परिवर्तनों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत आज न केवल अत्याधुनिक एक्सप्रेसवे, समर्पित फ्रेट कॉरिडोर, आधुनिक रेलवे नेटवर्क और हवाई अड्डों जैसे विशाल बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रहा है, बल्कि डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक तकनीक में दुनिया को नेतृत्व भी दे रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज के हर वर्ग, चाहे वह किसान हो, श्रमिक हो, महिला हो या युवा, को इस ऐतिहासिक बदलाव में अपनी सशक्त भागीदारी का अहसास हो रहा है। देश में पारदर्शी शासन प्रणाली और तकनीकी नवाचारों के समन्वय से जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सीधे जरूरतमंदों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है। यह प्रशासनिक सुधार और विकास की यह गति नए भारत के आत्मनिर्भर मार्ग को प्रशस्त कर रही है।

प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक नेतृत्व की रही सहभागिता

लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में शासन, प्रशासन और संगठन के प्रमुख प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लाल जी निर्मल, विधान परिषद सदस्य डॉ. अविनाश सिंह, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा और भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी प्रमुख रूप से मंचस्थ रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने भी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और समाज में सेवा भाव के प्रसार का संकल्प दोहराया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे परिसर में राष्ट्रभक्ति और सेवा कार्यों के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement