दिल्ली के उपराज्यपाल से मिले परविंदर सिंह: यूपी में सिख समाज के विकास और साहिबजादा दिवस के आयोजनों पर हुई चर्चा
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से मिले अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परविंदर सिंह। उत्तर प्रदेश में सिख समाज के हित में किए गए ऐतिहासिक कार्यों की दी जानकारी।
लखनऊ। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के लखनऊ प्रवास के दौरान राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य और उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस बैठक के दौरान परविंदर सिंह ने प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सिख समाज के सम्मान, कल्याण और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर लिए गए महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों से उपराज्यपाल को अवगत कराया।
परविंदर सिंह ने जानकारी दी कि चारों साहिबजादों के महान बलिदान को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने के लिए वीर बाल दिवस मनाने की शासकीय पहल उत्तर प्रदेश से प्रारंभ हुई थी। इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री आवास पर पहली बार गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश पर्व और गुरबाणी कीर्तन आयोजित कराया गया। इसके साथ ही भावी पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा पाठ्यक्रम में कक्षा आठ, नौ और दस के छात्रों के लिए गुरु नानक देव, गुरु तेग बहादुर, गुरु गोबिंद सिंह और चारों साहिबजादों की गाथा को शामिल किया गया। इस ऐतिहासिक निर्णय के चलते प्रतिवर्ष वीर बाल दिवस पर आयोजित निबंध, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के जरिए प्रदेश के लगभग तीन करोड़ स्कूली बच्चे सिख गुरुओं के बलिदान और शिक्षाओं से सीधे रूबरू हो रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सरकार द्वारा सिख गुरुओं के प्रकाश पर्वों और शहीदी दिवसों पर सौ से अधिक कार्यक्रमों में निरंतर भागीदारी की गई है। राजधानी लखनऊ में भव्य खालसा चौक का निर्माण कराया गया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण के लिए विशेष बजट आवंटित किया गया। सिख समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक स्तर पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व प्रदान करते हुए धार्मिक स्थलों की मर्यादा और आस्था का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित स्मृति-चिह्न, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा गुरुद्वारा यहियागंज में आयोजित विशेष अभिनंदन समारोह में भी परविंदर सिंह ने सहभागिता करते हुए उपराज्यपाल का स्वागत किया। इस प्रतिनिधिमंडल में तरनजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, चरणजीत सिंह होरा, कवलजीत सिंह और त्रिलोचन सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने आश्वस्त किया कि सिख समाज सामाजिक समरसता, धार्मिक सौहार्द और राष्ट्र की प्रगति में निरंतर सकारात्मक सहयोग करता रहेगा।
What's Your Reaction?







