उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य बने हनप्रीत सिंह बेदी, देवबंद में पंजाबी समाज ने किया नागरिक अभिनंदन
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग का सदस्य नियुक्त होने पर हनप्रीत सिंह बेदी का देवबंद में पंजाबी समाज ने स्वागत किया। समाज के मुद्दों को प्राथमिकता देने का लिया संकल्प।
देवबंद (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के नवमनोनीत सदस्य हनप्रीत सिंह बेदी का देवबंद पहुंचने पर पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रूप से पटका पहनाकर भव्य अभिनंदन किया। बेदी के आवास पर आयोजित सम्मान कार्यक्रम के दौरान सामाजिक प्रतिनिधियों ने उनके मनोनयन पर हर्ष जताया और इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सिख समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
इस अवसर पर पंजाबी समाज के संरक्षक कुलदीप कुमार ने कहा कि शासन द्वारा आयोग में हनप्रीत सिंह बेदी को स्थान दिए जाने से समूचे क्षेत्र के अल्पसंख्यकों में नई उम्मीद जगी है। संस्था के अध्यक्ष सतीश गिरधर ने कहा कि पहले सुखदर्शन सिंह बेदी ने आयोग के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं और अब उनके पुत्र को यह अहम जिम्मेदारी मिलना पूरे परिवार और जनपद के लिए गर्व का विषय है। संयोजक गुरजोत सिंह सेठी ने उम्मीद जताई कि वे समाज के ज्वलंत विषयों और समस्याओं के समाधान में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएंगे।
अपने स्वागत के प्रति आभार प्रकट करते हुए अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हनप्रीत सिंह बेदी ने कहा कि शासन और संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, वे उस पर पूरी निष्ठा से खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता समाज के सभी वर्गों और विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय तक सरकार की जनहितैषी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित कराना और स्थानीय स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना होगा। इस दौरान सुखदर्शन सिंह बेदी, मनप्रीत सिंह बेदी, श्याम लाल भारती, मोहित मल्होत्रा और अमरजीत सिंह सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
Also Click : UP News: योगी सरकार का बड़ा प्रयास, 1,600 करोड़ से अधिक की 65 परियोजनाओं से बदलेगी स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर
What's Your Reaction?







