सरसावा यमुना पुल गुरुद्वारे में मनेगी भगत सिंह की जयंती, लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
शहीद भगत सिंह की जयंती पर सरसावा के यमुना पुल गुरुद्वारे में भव्य आयोजन होगा। इस दौरान कीर्तन दरबार, विचार गोष्ठी और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेगा।
देवबंद (सहारनपुर)। अमर शहीद भगत सिंह के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सरसावा क्षेत्र स्थित यमुना पुल गुरुद्वारा साहिब में विशाल समारोह का आयोजन किया जाएगा। शहीद भगत सिंह भाईचारा मंच के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में देवबंद के गुरुद्वारा साहिब पहुंचे यमुना पुल गुरुद्वारे के संत बाबा उदय सिंह और कामरेड नवनीत सिंह भुल्लर ने स्थानीय प्रबंधक समिति के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा साझा की।
आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी क्रांतिकारी भगत सिंह के विचारों और बलिदान को याद करते हुए जन्म दिवस पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान सजेगा, जिसमें कीर्तन दरबार और वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। गोष्ठी में वक्ता शहीद-ए-आजम के जीवन दर्शन, सामाजिक समानता और उनके राष्ट्र निर्माण के संकल्पों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
समारोह के दौरान एक बड़े स्तर पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें नामी चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित रहकर मरीजों की जांच करेंगे और उन्हें दवाएं वितरित करेंगे। आयोजकों ने क्षेत्रीय संगत और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर सेवा कार्यों और धार्मिक समागम में भाग लेने की अपील की है।
इससे पहले देवबंद गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने यमुना पुल से आए प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर सेठ कुलदीप कुमार, कमलजीत सिंह बाबी, सतीश गिरधर, श्याम लाल भारती, गुरजोत सिंह सेठी, चंद्रदीप सिंह, चरणप्रीत सिंह, बलविंदर सिंह, जगतार सिंह और नाजर अली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Also Click : Hardoi News: हरदोई में भाजपा की बैठक: प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर किया मंथन
What's Your Reaction?







