हरदोई: संत रविदास जयंती समरसता संकल्प अभियान के तहत जिला पंचायत परिसर से कलश वंदन यात्रा रवाना
हरदोई में संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में कलश वंदन यात्रा की शुरुआत हुई। सांसद अशोक रावत और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई।
संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के तहत हरदोई जिला पंचायत परिसर से कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, सामाजिक समानता और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मिश्रिख सांसद अशोक रावत, पार्टी जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती और अवध क्षेत्र अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री पीके वर्मा ने वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थली की चरण रज से परिपूर्ण पवित्र कलश की पूजा-अर्चना की। इसके बाद इस पवित्र कलश यात्रा को जनपद के ग्रामीण इलाकों के लिए रवाना किया गया।
यात्रा की रवानगी से पूर्व सांसद अशोक रावत ने जिला पंचायत परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर संत रविदास, भीमराव अंबेडकर और संत गाडगे बाबा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों से समाज में भाईचारे और समानता की नीव रखी, जो आज भी राष्ट्र निर्माण में मार्गदर्शन करती है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास के बताए रास्तों पर चलकर ही एक भेदभाव रहित और समतामूलक समाज की स्थापना संभव है।
उल्लेखनीय है कि संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी के कलश को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भेजा जा रहा है। कार्यक्रम में जिला महामंत्री ओम वर्मा, अनुराग मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अशोक सिंह, अलका गुप्ता, प्रीतेश दीक्षित और जिला पंचायत सदस्य पुष्पा देवी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Also Click : अनंतपुर में भीषण सड़क दुर्घटना: पुल से नीचे गिरे वोल्वो बस और ट्रक, परखच्चे उड़े, 40 यात्री घायल
What's Your Reaction?



