सुलतानपुर में डीआरडीए के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह निलंबित, डिप्टी सीएम के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
सुलतानपुर जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह को अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार के आरोप में निलंबित किया गया। लखनऊ मुख्यालय से सम्बद्ध।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कड़े निर्देश के उपरांत शासन ने सुलतानपुर जनपद में तैनात जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) के परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह को पदीय दायित्वों में लापरवाही, कर्मचारियों से अशोभनीय व्यवहार और गंभीर अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ग्राम्य विकास विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक अनुशासन एवं अपील नियमावली के सुसंगत नियमों के अंतर्गत यह सख्त कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सुलतानपुर से हटाकर राज्य मुख्यालय पर आयुक्त ग्राम्य विकास कार्यालय, लखनऊ से सम्बद्ध किया गया है।
शासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परियोजना निदेशक अशोक कुमार सिंह कार्यालय के अधीनस्थ कर्मचारियों व सहयोगियों के साथ लगातार अशोभनीय और अवांछित आचरण कर रहे थे। उनके इस अनुचित व्यवहार के चलते जिला ग्राम्य विकास अभिकरण जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रशासनिक कार्यालय की कार्यप्रणाली बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। इसके साथ ही शासन और प्रशासनिक तंत्र की छवि को गहरा आघात पहुंचा। उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों की निरंतर अनदेखी करने, शासकीय मर्यादा के विपरीत कार्य करने तथा सेवा नियमों का पालन न करने के मामलों में उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि उनका यह कृत्य उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के प्रावधानों का खुला उल्लंघन है और यह गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है। कर्तव्यों के निर्वहन में बरती गई इस घोर शिथिलता की गहन पड़ताल के लिए उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित कर दी गई है। मामले में आरोपों की विस्तृत फेहरिस्त तैयार कर पृथक रूप से आरोप पत्र सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी। शासन की इस कड़ी कार्रवाई से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
What's Your Reaction?







