पीएम मोदी का 25 वर्षों का सेवाभाव प्रेरणास्रोत, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दी जन्मदिवस की बधाई
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं। सार्वजनिक सेवा के 25 वर्षों को प्रेरणादायी बताया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने इस अवसर को अत्यंत पावन और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती के पुनीत पर्व पर देश के आधुनिक शिल्पकार का जन्मदिन होना एक सुखद और अद्भुत संयोग है। एक ओर पूरा देश सृष्टि के आदि शिल्पी की आराधना कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नए भारत के शिल्पी के रूप में राष्ट्र को नई दिशा देने वाले प्रधानमंत्री का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुदृढ़ नेतृत्व, व्यापक दूरदर्शिता और अटूट इच्छाशक्ति ने भारत के विकास पथ को अप्रत्याशित गति और नई ऊर्जा प्रदान की है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करने का साहसिक कदम, आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति, नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार, विभिन्न आंतरिक सुरक्षा अभियानों की सफलता और अयोध्या में सदियों की प्रतीक्षा के पश्चात प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्य देश के गौरवशाली इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेंगे।
उन्होंने बताया कि अंत्योदय और सर्वसमावेशी विकास के सिद्धांत को धरातल पर उतारते हुए गरीबों, किसानों, वंचितों, मातृशक्ति और युवाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए ठोस नीतियां बनाई गई हैं। आज वैश्विक मंच पर भारत एक आत्मनिर्भर, सुरक्षित और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है। सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री के पच्चीस वर्षों के अनवरत सेवाभाव, समर्पण और सुशासन की यात्रा प्रत्येक नागरिक और जनसेवक के लिए मार्गदर्शक है। विशाल दायित्वों का निर्वहन करते हुए भी जनसामान्य की भावनाओं से जुड़े रहना और एक प्रधानसेवक के रूप में कार्य करना उनके संवेदनशील व्यक्तित्व को दर्शाता है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान जनकल्याण, सहयोग और राष्ट्रसेवा के भाव को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सेवा के इन प्रयासों से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इसके साथ ही उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ जीवन और राष्ट्र की प्रगति के लिए निरंतर ऊर्जावान बने रहने की मंगलकामना की।
What's Your Reaction?







