Lucknow News : अपराधी की जाति सिर्फ अपराध, बेसिरपैर की बयानबाजी से बचें अखिलेश : कैबिनेट मंत्री

मंत्री ने भाजपा की नीतियों का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पार्टी सभी जातियों और धर्मों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि हम महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वेद व्यास, संत रविदास,...

By INA News Desk
Jun 27, 2025 - 00:02
48 Views
Lucknow News : अपराधी की जाति सिर्फ अपराध, बेसिरपैर की बयानबाजी से बचें अखिलेश : कैबिनेट मंत्री

सार-

  • इटावा की घटना पर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
  • कानून हाथ में लेने वालों, चाहे वे किसी भी जाति या समुदाय से हों, किसी को बख्शा नहीं जाएगा : कैबिनेट मंत्री 
  • अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कभी भी जाति को आधार नहीं बनाती योगी सरकार 
  • जातिगत भेदभाव सपा का चाल-चरित्र और चेहरा : जयवीर सिंह
  • इटावा की घटना सुनियोजित साजिश के तहत की गई, अखिलेश के बयानों ने लोगों को भड़काया 
  • अखिलेश ने बिना तथ्यों को जांचे ब्राह्मण समाज के खिलाफ टारगेट कर जातिवादी रंग देने की कोशिश की 
  • सनातन धर्म जाति नहीं, बल्कि गुण और धर्म का सम्मान करता है

By INA News Lucknow.

लखनऊ : इटावा में हुई हिंसक घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर इस घटना को जातिवादी रंग देने का आरोप लगाया और स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कभी भी जाति को आधार नहीं बनाती। मंत्री ने घटना के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और भविष्य में कठोर कदम उठाने की प्रतिबद्धता को भी जाहिर किया।

  • कानून हाथ में लेने वाले बख्शे नहीं जाएंगे

जयवीर सिंह ने बताया कि इटावा में हुई इस अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद, स्थानीय उपद्रवियों द्वारा की गई हिंसा के सिलसिले में 15 और लोगों को हिरासत में लिया गया। क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मंत्री ने कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई घटना प्रतीत होती है। हम इसका पूरी तरह पर्दाफाश करेंगे और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कानून हाथ में लेने वालों, चाहे वे किसी भी जाति या समुदाय से हों, को बख्शा नहीं जाएगा।

  • समाज को जाति-वर्ग में बांटना, सपा का चाल, चरित्र और चेहरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव पर इस घटना को जातिवादी रंग देने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने बिना तथ्यों की जांच किए और बिना सोचे-समझे इस घटना को ब्राह्मण समाज के खिलाफ टारगेट कर जातिवादी रंग देने की कोशिश की। आज की हिंसा उनके बयानों से प्रेरित है। सपा का हमेशा से यही चरित्र रहा है कि समाज को जाति और वर्ग में बांटकर राजनीतिक लाभ लिया जाए। यह निंदनीय और अनुचित है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सनातन संस्कृति का सम्मान करती है, न कि जातिवाद को बढ़ावा देती है। हमारा लक्ष्य प्रदेश को तरक्की के रास्ते पर ले जाना है। जो लोग प्रदेश को 2012 से पहले के अराजकता और गुंडई के दौर में वापस ले जाना चाहते हैं, उनकी साजिश को जनता समझ चुकी है।

  • अपराध ही है अपराधियों की जाति

मंत्री ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराधियों को उनकी जाति के आधार पर नहीं, बल्कि उनके अपराध के आधार पर दंडित करती है। उन्होंने कहा कि अपराधी की जाति उसका अपराध है। चाहे कोई भी हो, जो कानून को चुनौती देगा, उसे कठोर सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्दोष लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और सभी कार्रवाई सबूतों और तथ्यों के आधार पर होंगी।

  • कुछ लोग उत्तर प्रदेश की प्रगति और दंगा-मुक्त स्थिति से परेशान

जयवीर सिंह ने दावा किया कि कुछ लोग उत्तर प्रदेश की प्रगति और दंगा-मुक्त स्थिति से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यूपी आज सरप्लस रेवेन्यू स्टेट बन चुका है। यह तरक्की और शांति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही। सत्ता हासिल करने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं और प्रदेश को फिर से जातिवाद और अराजकता की आग में झोंकने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने 2017 के बाद से यूपी में माफिया तंत्र के खात्मे और कानून-व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने 2017 में ऐसी ताकतों को सत्ता से बेदखल कर दिया था, जो गुंडई और अराजकता को बढ़ावा देती थीं।

  • सनातन धर्म जाति नहीं, बल्कि गुण और धर्म का सम्मान करता है

मंत्री ने भाजपा की नीतियों का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पार्टी सभी जातियों और धर्मों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि हम महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वेद व्यास, संत रविदास, जय गुरुदेव और बाबा रामदेव जैसे महापुरुषों को जाति के आधार पर नहीं, बल्कि उनके गुणों और योगदान के आधार पर सम्मान देते हैं। सनातन धर्म जाति नहीं, बल्कि गुण और धर्म का सम्मान करता है। उन्होंने वाराणसी में संत रविदास की जन्मस्थली पर भव्य निर्माण और महाकुंभ में सफाईकर्मियों के सम्मान का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा दबे-कुचले और शोषित समाज को सम्मान दिया है। इसके विपरीत, उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में हिंदू और दलित महापुरुषों जैसे कबीर दास और डॉ बीआर अंबेडकर के नाम पर बने संस्थानों के नाम बदलने का काम किया गया।

  • जनता किसी अफवाह और बहकावे में न आए

जयवीर सिंह ने सपा पर अपराधियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने राजू पाल और उमेश पाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने इन मामलों में हत्यारों को संरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि सपा की परंपरा, चाल, चरित्र और चेहरा हमेशा से समाज को बांटने और अपराधियों को बढ़ावा देने वाला रहा है। मंत्री ने जनता से अपील की कि वे इटावा की घटना को तथ्यों के आधार पर समझें और किसी भी तरह की अफवाह या बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि चाहे यह घटना कथावाचन से जुड़ी हो या आज की हिंसा से, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

  • अखिलेश प्रदेश की सुख, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण को न बिगाड़ें

जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन प्रदेश में सुख, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने का प्रयास न करें। बेसिरपैर और तथ्यहीन बयानबाजी से बचें। मंत्री ने बताया कि इस घटना के बाद पूरे प्रदेश के जिलों को सतर्क कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी लापरवाही हुई होगी, उसकी जांच की जाएगी। सभी सबूतों और पहचान के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जाएगा। निर्दोष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Also Click : Prayagraj News :औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ने तत्कालीन डीपीआरओ के खिलाफ जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए, कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow