Lucknow : योगी सरकार के टेक्सटाइल हब विजन को मिल रही गति, मंत्री राकेश सचान ने पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

मंत्री सचान ने निर्देशित किया कि जहां पार्क की बाउंड्री वॉल के कारण आवागमन संबंधी मुद्दे उत्पन्न हो रहे हैं, वहां सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्वेक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मार्गों को सड़क निर्माण योजना में शामिल किया जाए। साथ ही जल निकासी की समुचित

Jun 3, 2026 - 23:41
 0  5
Lucknow : योगी सरकार के टेक्सटाइल हब विजन को मिल रही गति, मंत्री राकेश सचान ने पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
Lucknow : योगी सरकार के टेक्सटाइल हब विजन को मिल रही गति, मंत्री राकेश सचान ने पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

  • लखनऊ-हरदोई सीमा पर विकसित हो रहे 1000 एकड़ के मेगा प्रोजेक्ट की प्रगति की गई समीक्षा
  • सड़क, विद्युत, जलापूर्ति एवं अन्य आधारभूत ढांचा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
  • सभी विभागों को तय समयसीमा से पहले कार्य पूर्ण करने का दिया गया लक्ष्य

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक एवं टेक्सटाइल केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, रेशम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने मंगलवार को जनपद लखनऊ एवं हरदोई की सीमा पर विकसित किए जा रहे पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 1000 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंत्री सचान ने पार्क परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल, प्रवेश द्वार, विद्युत उपकेंद्र, आंतरिक आधारभूत संरचना तथा अन्य विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर कार्यों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना की समीक्षा की।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, वन विभाग, यूपीएसआईसी तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति से मंत्री सचान को अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण एवं संपर्क मार्गों के विकास की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई, जिस पर मंत्री ने कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश दिए।

मंत्री सचान ने निर्देशित किया कि जहां पार्क की बाउंड्री वॉल के कारण आवागमन संबंधी मुद्दे उत्पन्न हो रहे हैं, वहां सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्वेक्षण कराया जाए तथा आवश्यक मार्गों को सड़क निर्माण योजना में शामिल किया जाए। साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया जाए। उन्होंने अटारी फार्म रोड के सुदृढ़ीकरण तथा निर्माणाधीन छह लेन सड़क को पार्क के मुख्य द्वार से लखनऊ दिशा की ओर प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिए।

मंत्री सचान ने यूपीएसआईसी को पार्क क्षेत्र में कटान किए गए वृक्षों के अवशेषों की जड़ सहित सफाई शीघ्र पूर्ण कराने तथा हथकरघा विभाग को झाड़-झंखाड़ हटाने का कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्युत उपकेंद्र की स्थापना और औद्योगिक जलापूर्ति से जुड़े कार्यों को भी मिशन मोड में पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री सचान ने कहा कि पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का नया आधार बनेगा। यह परियोजना प्रदेश में बड़े निवेश को आकर्षित करने के साथ-साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता है कि परियोजना से जुड़े सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से और निर्धारित समय से पहले पूरे किए जाएं, ताकि प्रदेश का यह महत्वाकांक्षी टेक्सटाइल पार्क शीघ्र धरातल पर आकार ले सके।

बैठक में विशेष सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग शेषमणि पाण्डेय, उप आयुक्त निबंधक डॉ. उत्तीर्ण वीर सिंह, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ रजत, जल निगम के अधिशासी अभियंता  एस.पी. सरोज, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार तथा यूपीएसआईसी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You May Read This : Lucknow : यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी बैठक: 75 जिलों में 1,183 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित होगी परीक्षा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow