Hardoi: प्रेमावती पीके वर्मा ने दिखाई हरी झंडी, जागरूकता फैलाने निकला 'विकसित भारत' व 'नशामुक्त भारत' प्रचार रथ

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ द्वारा बुधवार, 5 अगस्त को

Aug 4, 2026 - 20:48
 0  2
Hardoi: प्रेमावती पीके वर्मा ने दिखाई हरी झंडी, जागरूकता फैलाने निकला 'विकसित भारत' व 'नशामुक्त भारत' प्रचार रथ

हरदोई। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ द्वारा बुधवार, 5 अगस्त को जिला पंचायत भवन सभागार में एक दिवसीय एकीकृत आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ शहरभर में भ्रमण कर उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) के साथ पंपलेट वितरित कर कार्यक्रम का संदेश आमजन तक पहुंचा रहा है।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को केंद्र सरकार की नई नीतियों, सामाजिक सुधारों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे उपलब्ध कराना है। इस दौरान 'विकसित भारत - जी राम जी (VB-G RAM G) कानून, 2025' तथा 'नशामुक्त भारत अभियान' को मुख्य विषय बनाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा

कार्यक्रम में आयोजित गोष्ठी के दौरान विषय विशेषज्ञ ग्रामीण रोजगार गारंटी के नए ढांचे 'जी राम जी कानून, 2025' के आर्थिक एवं सामाजिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। इसके अंतर्गत ग्रामीणों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार, पारदर्शी डिजिटल प्रणाली तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण जैसे प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही 'नशामुक्त भारत अभियान' के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा समाज को व्यसनमुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

ग्रामीणों एवं स्थानीय युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। विजेताओं को केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय संचार ब्यूरो के पंजीकृत लोक कलाकार 'विकसित भारत' के विजन और नशामुक्ति के संदेश पर आधारित सांस्कृतिक एवं लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे।

ये रहेंगे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, जबकि उपायुक्त, श्रम एवं रोजगार विभाग, हरदोई संतोष सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

Also Read-Gorakhpur: आस्था पर प्रहार करने वाले अब आस्थावान बनने का ठेका ले रहे हैं: गोरखपुर से सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।