हरदोई में आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियां तेज, डीआईओएस ने दिए बेहतर आयोजन के निर्देश

आगामी खेल प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई के

Jul 15, 2026 - 19:05
38 Views
हरदोई में आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियां तेज, डीआईओएस ने दिए बेहतर आयोजन के निर्देश
हरदोई में आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियां तेज, डीआईओएस ने दिए बेहतर आयोजन के निर्देश

हरदोई। आगामी खेल प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई के सभागार में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार पाठक के निर्देशन में जनपद के प्रधानाचार्यों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के संचालन, खेलों के विद्यालयवार आवंटन तथा खिलाड़ियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने आगामी जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 की जिम्मेदारी बी.एन. इंटर कॉलेज, मल्लावां को सौंपी, जबकि प्रतियोगिता का आयोजन बी.जी.आर. इंटर कॉलेज, बिलग्राम के खेल मैदान पर कराया जाएगा। साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का विद्यालयवार आवंटन भी किया गया।

बैठक में विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्यों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने प्रतियोगिताओं के बेहतर संचालन को लेकर अपने सुझाव दिए। डीआईओएस डॉ. अरविन्द कुमार पाठक ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि सभी का प्रयास होना चाहिए कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जनपद हरदोई के खिलाड़ी मंडल, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का अधिकांश समय मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर व्यतीत हो रहा है। ऐसे में खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। नियमित खेलकूद से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा एकाग्रता में वृद्धि होती है। उन्होंने विशेष रूप से तहसील स्तर पर अधिकाधिक प्रतिभागिता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि इस नई व्यवस्था से जिले की मजबूत टीम तैयार होगी और हरदोई का प्रतिनिधित्व और सशक्त होगा।

डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों से खेल प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया। बैठक में प्रतियोगिताओं की तिथियों, व्यवस्थाओं एवं समन्वय से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। सभी शिक्षकों ने सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक का संचालन जिला क्रीड़ा सचिव राम दयाल ने किया। उन्होंने नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक का परिचय जनपद के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों से कराया तथा सत्र 2025-26 में हरदोई के खिलाड़ियों द्वारा मंडल, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही सत्र 2025-26 के आय-व्यय का ब्यौरा भी साझा किया।

इस अवसर पर श्याम नारायण यादव (प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई), प्रमोद कुमार (प्रधानाचार्य, पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माध्यमिक विद्यालय सिकरोहरी), सुनील कुमार सिंह (प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज टड़ियावां), अवधेश त्रिपाठी (प्रधानाचार्य, दयाशंकर इंटर कॉलेज जगसरा, अतरौली), सुमन द्विवेदी (प्रधानाचार्या, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हरदोई), राजेश्वरी देवी (प्रधानाचार्या, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहरिया), हंसराज कुशवाहा, श्याम नारायण त्रिवेदी, संजीव कुमार कुशवाहा, उमाशंकर, अनुराग मिश्रा, रजनीश पाण्डेय, सरोज कुमार, मनोज कुमार, मीनू वर्मा, मैना गुप्ता सहित जनपद के अनेक प्रधानाचार्य एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक उपस्थित रहे।

Also Read- जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम अनुनय झा सख्त, ब्लैक स्पॉट सुधार और हाईवे पर ई-रिक्शा संचालन रोकने के निर्देश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow