New Delhi News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 8 से 10 सितंबर तक श्रीलंका दौरे पर, द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मिलेगी नई मजबूती
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 8 से 10 सितंबर, 2026 तक श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे श्रीलंका के शीर्ष
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 8 से 10 सितंबर, 2026 तक श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे श्रीलंका के शीर्ष नेतृत्व के साथ विभिन्न द्विपक्षीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श करेंगे। रक्षा मंत्री कोलंबो में रह रहे भारतीय प्रवासियों से भी संवाद करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, जिसमें रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। उनकी यह यात्रा भारत और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारत और श्रीलंका के संबंध गहरे सभ्यतागत, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा, आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग के साथ-साथ लोगों के बीच मजबूत संपर्क भी द्विपक्षीय साझेदारी का महत्वपूर्ण आधार है।
श्रीलंका में आर्थिक संकट के दौरान भारत ने महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की थी। इसके अलावा वर्ष 2025 में आए चक्रवात दितवाह के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में भी भारत अग्रणी देशों में शामिल रहा। इन प्रयासों ने भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ (Neighbourhood First) नीति के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। रक्षा मंत्री की यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘महासागर’ (MAHASAGAR) दृष्टिकोण के अनुरूप भी महत्वपूर्ण है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति को बढ़ावा देना है।
यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और पारस्परिक हित के अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की श्रीलंका यात्रा से भारत-श्रीलंका के पारंपरिक रूप से मजबूत संबंधों को नई मजबूती मिलने के साथ समुद्री और रक्षा साझेदारी को और व्यापक बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
What's Your Reaction?







