Indian Air Force Sarang: मिस्र पहुंची भारतीय वायु सेना की सारंग हेलिकॉप्टर टीम, अल अलामीन एयरशो में दिखाएगी दमदार हवाई करतब
भारतीय वायु सेना (IAF) की प्रसिद्ध सारंग हेलिकॉप्टर प्रदर्शन टीम अल अलामीन अंतर्राष्ट्रीय एयरशो के दूसरे संस्करण में हिस्सा
नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना (IAF) की प्रसिद्ध सारंग हेलिकॉप्टर प्रदर्शन टीम अल अलामीन अंतर्राष्ट्रीय एयरशो के दूसरे संस्करण में हिस्सा लेने के लिए मिस्र पहुंच गई है। यह एयरशो 8 से 10 सितंबर 2026 तक अल अलामीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित किया जाएगा।
सारंग टीम भारतीय वायु सेना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली प्रमुख प्रदर्शन टीमों में शामिल है। टीम अपने सटीक, चुनौतीपूर्ण और समन्वित हवाई प्रदर्शनों के जरिए पायलटों के उत्कृष्ट उड़ान कौशल, अनुशासन और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन करेगी। यह भागीदारी भारत और मिस्र के बीच लगातार मजबूत हो रहे रक्षा एवं राजनयिक संबंधों को भी दर्शाती है।
- एएलएच ध्रुव से दिखेगा भारत का स्वदेशी एयरोस्पेस कौशल
सारंग टीम स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव से हवाई प्रदर्शन करेगी। टीम अपने चुनौतीपूर्ण फॉर्मेशन युद्धाभ्यास, बेहद नजदीकी उड़ान और तालमेल वाले एयरशो के लिए दुनिया भर में जानी जाती है।
एयरशो के दौरान सारंग टीम अपना प्रसिद्ध ‘डॉल्फिन लीप’ करतब प्रदर्शित करेगी। इसके साथ ही दर्शकों को टीम का नया ‘स्पॉट स्टॉल टर्न’ करतब भी देखने को मिलेगा। इन प्रदर्शनों के जरिए भारतीय पायलटों के असाधारण कौशल के साथ-साथ देश के स्वदेशी एयरोस्पेस उद्योग की तकनीकी क्षमताओं को भी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
- अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती एयरोस्पेस ताकत
अल अलामीन अंतर्राष्ट्रीय एयरशो में दुनिया की प्रमुख वायु सेनाओं के साथ-साथ एयरोस्पेस, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ एवं पेशेवर हिस्सा लेते हैं। ऐसे वैश्विक मंच पर सारंग टीम की भागीदारी भारत की बढ़ती एयरोस्पेस क्षमताओं और भारतीय वायु सेना के साहस एवं पेशेवर दक्षता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। मिस्र के आसमान में सारंग टीम के शानदार हवाई करतब एयरशो में विशेष आकर्षण जोड़ेंगे। साथ ही, इस भागीदारी से भारतीय वायु सेना को दुनिया की अन्य अंतरराष्ट्रीय एयरोबेटिक टीमों के साथ अपने संबंध और सहयोग को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
What's Your Reaction?







