Saharanpur News: मस्जिद प्रकरण में सीएम पर कथित अभद्र टिप्पणी, सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला गिरफ्तार
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक
सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में सदर बाजार पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें शांतिभंग की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दिल्ली निवासी हुदा जरीवाला ने मस्जिद हटाने की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही सहारनपुर के जिलाधिकारी के संबंध में अशोभनीय एवं भड़काऊ टिप्पणी की। इस संबंध में उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। शिकायतकर्ता ने इन टिप्पणियों से क्षेत्र की शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार को सर्किट हाउस में सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ जाने को लेकर हुदा जरीवाला की पुलिसकर्मियों से तीखी बहस हो गई थी। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किए जाने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए कार्रवाई की है। वहीं मुकदमे से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक हुदा जरीवाला पूर्व में लंदन के एक मीडिया संस्थान में एंकर के रूप में कार्य कर चुकी हैं और वर्तमान में स्वयं को सामाजिक कार्यकर्ता बताती हैं।
What's Your Reaction?







