Sambhal : गंगा में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 11 लाख जुर्माना; 13 वाहन सीज, 27 लोग गिरफ्तार
जांच के दौरान पाया गया कि खनन कार्य निर्धारित और आवंटित क्षेत्र के बजाय दूसरी जगह पर किया जा रहा था। इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए खनन विभाग ने संबंधित फर्म पर 11 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल जिले में गंगा नदी से हो रहे अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। डीएम, एसपी, परिवहन विभाग, खनन विभाग और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने असदपुर क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध खनन और परिवहन के मामलों का खुलासा किया।
जांच के दौरान पाया गया कि खनन कार्य निर्धारित और आवंटित क्षेत्र के बजाय दूसरी जगह पर किया जा रहा था। इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए खनन विभाग ने संबंधित फर्म पर 11 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
एआरटीओ विभाग ने रेत ढो रहे पांच वाहनों का चालान किया, जबकि 13 वाहनों को सीज कर दिया गया। सीज किए गए वाहनों को पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद 27 लोगों को भी शांतिभंग की आशंका के तहत गिरफ्तार किया गया। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि गंगा नदी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Also Click : Deoband : हल्की बारिश से जलभराव, त्योहार की रात सड़कों पर पानी भरने से लोगों में नाराजगी
What's Your Reaction?




