Sambhal: प्रकाश पर्व पर प्रतिदिन प्रभात फेरी से गूंज रहा सम्भल शहर।
सम्भल में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 14 दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की भव्य
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 14 दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की भव्य शुरुआत हो गई है। ये कार्यक्रम गुरुद्वारा साहिब के तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजनों का उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा और गुरु परंपरा के उच्च आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए गुरुद्वारा के पदाधिकारी सरदार हरविंदर सिंह ने बताया कि 18 दिसंबर से शुरू हुए प्रोग्राम 31 दिसंबर तक चलेंगे ये समस्त कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना के साथ संपन्न कराए जाएंगे। प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रतिदिन प्रातः प्रभात फेरी का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज सम्भल शहर में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। एक जनवरी को शहर में नगर कीर्तन निकाला जाएगा जिसमें विभिन्न झाकियां भाग लेंगे। प्रभात फेरी प्रतिदिन सुबह 6 बजे गुरुद्वारा परिसर से प्रारंभ होकर उन श्रद्धालुओं के घरों तक जाती है, जिन्होंने इसके लिए आमंत्रण दिया होता है।
इस दौरान संगत गुरबाणी का मधुर गायन करते हुए गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन, उनके त्याग और बलिदान को स्मरण करती है। प्रभात फेरी के मार्ग में श्रद्धालु सेवा भाव से संगत का स्वागत करते हैं तथा प्रसाद का वितरण भी किया जाता है, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा का संचार होता है। गुरुद्वारा प्रबंधन के अनुसार 14 दिवसीय आयोजनों के अंतर्गत कीर्तन दरबार, कथा, अरदास और विशेष दीवान सजाए जाएंगे। आयोजकों ने सभी धर्मों और समुदायों के लोगों से इन कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है। वहीं, एक जनवरी को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अखाड़े, गतका पार्टियां, पाइप बैंड सहित विभिन्न सांस्कृतिक झलकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
What's Your Reaction?











