जिलाधिकारी के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ने बहजोई में उर्वरक वितरण केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, किसानों से लिया फीडबैक
सम्भल के बहजोई में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने खाद बिक्री केंद्रों की व्यवस्था जांची। किसानों से खाद के दाम व कतार के समय पर सीधी बात की।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट द्वारा आज बहजोई में बहजोई संघ, क्रय-विक्रय बहजोई एवं बी-पैक्स बहजोई का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरक वितरण व्यवस्था का जायजा लिया तथा उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से प्रति कट्टा उर्वरक के मूल्य तथा वितरण के लिए उन्हें कितने समय से लाइन में प्रतीक्षा करनी पड़ रही है, इस संबंध में जानकारी ली। उन्होंने वितरण केंद्रों पर पीओएस (PoS) मशीन एवं रसीद व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त, गोदाम के अंदर जाकर उर्वरक की उपलब्धता की स्थिति के संबंध में संबंधित सचिव से जानकारी प्राप्त की।

किसानों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर उर्वरक वितरण व्यवस्था के संबंध में संतोषजनक स्थिति सामने आई। किसानों ने भी वितरण व्यवस्था के प्रति अपनी संतुष्टि व्यक्त की। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से अपील की कि जनपद में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। अतः सभी किसान भाई नियमानुसार उर्वरक प्राप्त करें तथा अनावश्यक रूप से परेशान न हों।
What's Your Reaction?



