सम्भल पुलिस का बड़ा धमाका! 43 लाख के 233 गुमशुदा मोबाइल बरामद, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
सम्भल पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 43 लाख रुपये कीमत के 233 गुमशुदा फोन खोज निकाले। पुलिस लाइन में स्वामियों को बुलाकर उनके मोबाइल वापस सौंपे।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
दो करोड़ से ज्यादा कीमत के 1056 मोबाइल अब तक बरामद, एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने साइबर सेल की टीम को दी कामयाबी की जानकारी
जिन मोबाइल फोन के गुम होने के बाद लोगों ने उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ दी थी, उन मोबाइलों को सम्भल पुलिस ने ढूंढ निकाला। एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 233 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी बाजार में कीमत करीब 43 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस लाइन में मोबाइल स्वामियों को बुलाकर उनके खोए हुए फोन वापस किए गए, तो लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।

एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सम्भल पुलिस की साइबर सेल लगातार CEIR पोर्टल के जरिए गुमशुदा मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद करने में जुटी है। बरामद किए गए मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं।
1056 मोबाइल बरामद, कीमत दो करोड़ से पार
सम्भल पुलिस की यह कामयाबी केवल 233 मोबाइल फोन तक सीमित नहीं है। एसपी के मुताबिक, अब तक जनपद में करीब 1056 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इन सभी मोबाइलों की कुल कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है।
मोबाइल लौटाने के साथ साइबर अपराध से बचने की सीख
पुलिस ने मोबाइल फोन वापस करने के साथ ही लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की पहल भी की। साइबर सेल की टीम ने मोबाइल स्वामियों को जागरूकता संबंधी साहित्य वितरित किया और साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए, ताकि वे और उनके परिवार ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार न बनें।

सम्भल पुलिस ने लोगों को गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए CEIR पोर्टल का इस्तेमाल करने के प्रति भी जागरूक किया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक तरफ लोगों को उनके खोए मोबाइल वापस मिले, तो दूसरी तरफ साइबर सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।
What's Your Reaction?



