होली पर सम्भल में हाई अलर्ट: 1215 होलिका दहन स्थल, 64 जुलूस; डीएम-एसपी का फ्लैगमार्च, 1000 से ज्यादा लोग पाबंद।
होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सम्भल जिले में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। जिले भर में 1215 स्थानों
उवैस दानिश, सम्भल
होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सम्भल जिले में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। जिले भर में 1215 स्थानों पर होलिका दहन और 64 होली जुलूस निकाले जाने हैं। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल, PAC और त्वरित कार्रवाई बल (TRF) के साथ शहर में फ्लैगमार्च निकाला। फ्लैगमार्च के जरिए असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- दो चरणों में होगा होलिका दहन
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि एक होलिका दहन आज निर्धारित समय पर होगा, जबकि दूसरा धुलंडी के दिन भोर में प्रज्वलित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 27 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है, जो किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचेगी।
- 1000 से अधिक लोग किए गए पाबंद
होली को लेकर एहतियातन कार्रवाई करते हुए अब तक एक हजार से अधिक लोगों को पाबंद किया जा चुका है। डीएम ने बताया कि पहले 650 लोगों को पाबंद किया गया था, लेकिन आवश्यकता के अनुसार पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन कर और लोगों को भी एहतियातन पाबंद किया गया है।
- आमजन में भरोसे का माहौल
निरीक्षण के दौरान डीएम ने महिलाओं और बच्चों से बातचीत भी की। उन्होंने बाजार में रंग, गुलाल और पिचकारी की बिक्री की जानकारी ली। डीएम के मुताबिक लोग उत्साह में हैं और त्योहार को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि होली प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
What's Your Reaction?











