Sambhal News: सांसद जियाउर्रहमान बर्क का बयान: बोले- समाज नहीं, जनता के मुद्दों पर हो राजनीति
अमेरिका-इजराइल की नीतियों पर घेरा, ओवैसी के 'अब्दुल' बयान पर उठाए सवाल, आजम खान के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: अमेरिका-इजराइल की नीतियों पर घेरा, ओवैसी के 'अब्दुल' बयान पर उठाए सवाल, आजम खान के मुद्दे पर भाजपा को घेरा और लोकतंत्र बचाओ अभियान पर बोले सांसद जियाउर्रहमान बर्क- 'समाज बांटने की नहीं, जनता के मुद्दों पर हो राजनीति
समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने शनिवार को चौधरी सराय स्थित मिशन इंटरनेशनल एकेडमी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अमेरिका-इजराइल की नीतियों, मुस्लिम समाज, आजम खान और देश की मौजूदा राजनीति को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दुनिया में जहां भी ज्यादती और अत्याचार होंगे, वहां सत्ता में बैठे लोगों को उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। सांसद ने कहा कि सरकारों को नकारात्मक और समाज को बांटने वाली राजनीति छोड़कर जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने अमेरिका और इजराइल की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दूसरे देशों पर हमले और उनकी विदेश नीति के कारण उन देशों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के तमाम देशों की सरकारों को इससे सबक लेते हुए जनता की भलाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों के मुद्दों पर काम करना चाहिए।
'अब्दुल' वाले बयान पर भी उठाए सवाल
पत्रकारों ने जब सांसद से असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान को लेकर सवाल किया, जिसमें अमेरिकन 'अब्दुल' के सीनेटर बनने और यूपी के 'अब्दुल' के दरी न बिछाने की बात कही गई थी, तो बर्क ने इस शब्द के इस्तेमाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज का मजाक बनाने के बजाय समाज के लोगों का नाम लेकर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह खुद मुस्लिम हैं और समाजवादी पार्टी से जुड़कर संसद पहुंचे हैं। ऐसे में समाज को बांटने के बजाय भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए साझा मकसद पर काम होना चाहिए।
आजम खान के मामले पर भाजपा को घेरा
आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद ईडी की कार्रवाई और उनके बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मुस्लिम समाज के साथ ज्यादती हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को रोटी, कपड़ा और मकान के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। बर्क ने कहा कि सरकार जनता के हित में काम करेगी तो समर्थन भी मिल सकता है, लेकिन समाज को बांटने वाली नीतियों का विरोध किया जाएगा।
लोकतंत्र बचाओ अभियान पर भी साधा निशाना
भाजपा और कांग्रेस दोनों के लोकतंत्र बचाओ अभियान को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग की वजह से विपक्ष को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। बर्क ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन के फैसलों और विपक्ष के साथ जनता, नौजवानों, किसानों तथा सिविल सोसाइटी के लामबंद होने से भाजपा सरकार दबाव महसूस कर रही है। पत्रकार वार्ता में सांसद ने दोहराया कि देश की राजनीति का केंद्र जनता की बुनियादी समस्याएं होनी चाहिए, न कि समाज को बांटने वाले मुद्दे।
Also Read- Special Article: शक्ति: सृष्टि, शब्द और चेतना का सनातन आधार
What's Your Reaction?

