Sambhal : सामूहिक दुष्कर्म घटना पर सामाजिक संगठनों का फूटा गुस्सा, पीड़िता को न्याय दिलाने की उठी बुलंद आवाज
ब्राह्मण शक्ति संघ के नगर संयोजक अभिनंदन शर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं, इसलिए पूरे प्रकरण की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार दंडित किया जाना
Report : उवैस दानिश, सम्भल
असमोली थाना क्षेत्र के दबोह गांव में 12 वर्षीय बालिका के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर सामाजिक संगठनों और विभिन्न समाजसेवियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
शंकर कॉलेज चौराहे पर प्रदर्शन कर वक्ताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
ब्राह्मण शक्ति संघ के नगर संयोजक अभिनंदन शर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं, इसलिए पूरे प्रकरण की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार दंडित किया जाना चाहिए।
वहीं संजय गुप्ता पॉली ने कहा कि पीड़िता और उसके परिवार को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए और किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। पंडित शोभित शास्त्री ने भी प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में अभी तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
उन्होंने मांग की कि घटना से जुड़े प्रत्येक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान मौजूद सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। वक्ताओं ने सरकार और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
What's Your Reaction?




