Sambhal : तेज रफ्तार ट्रैक्टर बना काल! 15 वर्षीय नितिन की मौत, परिजनों ने लगाया जानबूझकर कुचलने का आरोप

घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल नितिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहजोई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. जय किशन ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर

Jun 16, 2026 - 22:26
24 Views
Sambhal : तेज रफ्तार ट्रैक्टर बना काल! 15 वर्षीय नितिन की मौत, परिजनों ने लगाया जानबूझकर कुचलने का आरोप
Sambhal : तेज रफ्तार ट्रैक्टर बना काल! 15 वर्षीय नितिन की मौत, परिजनों ने लगाया जानबूझकर कुचलने का आरोप

Report : उवैस दानिश, सम्भल

जनपद सम्भल के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पाठकपुर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। गांव निवासी 15 वर्षीय नितिन पुत्र रामपाल की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

परिजनों के अनुसार नितिन गांव की कच्ची लीक पर मौजूद था, तभी गांव के ही एक युवक द्वारा चलाए जा रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। मृतक के चाचा राजेश ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक सोनू ने नितिन के ऊपर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि उन्होंने किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया, लेकिन घटना को हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी कार्रवाई बताया।

घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल नितिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहजोई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. जय किशन ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने बताया कि 16 जून को सूचना मिली थी कि ग्राम पाठकपुर से श्यामपुर जाने वाली सड़क पर तेज गति से जा रहे एक खाली ट्रैक्टर ने बच्चे को टक्कर मार दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। एएसपी ने स्पष्ट किया कि घटना का अवैध खनन या रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कोई संबंध नहीं है और कुछ लोगों द्वारा मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मामला महज सड़क हादसा है या फिर परिजनों के आरोपों के अनुसार कोई जानबूझकर की गई वारदात।

Also Click : Lucknow : लखनऊ में योग सप्ताह का शानदार आगाज, सभी जिलों में आयोजित होंगे कार्यक्रम और आयुष कवच ऐप पर होंगी ऑनलाइन प्रतियोगिताएं

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow