50 की स्पीड लिमिट, 60 पर भी राहत… फिर भी नहीं सुधरे तो कटेगा ₹2000 का चालान!
सम्भल में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए ट्रैफिक पुलिस ने इंटरसेप्टर से ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 1100 से ज्यादा चालान काटे हैं।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में सड़क हादसों पर लगाम लगाने और तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने इंटरसेप्टर मशीन से कार्रवाई तेज कर दी है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक जिले में इंटरसेप्टर के जरिए लगातार ओवरस्पीड वाहनों की निगरानी की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी अमित कुमार ने बताया कि जिस सड़क पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड लिमिट निर्धारित है, वहां वाहन चालकों को करीब 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक की राहत दी जाती है। यानी 50 की लिमिट वाली सड़क पर 60 किलोमीटर की रफ्तार तक सामान्य तौर पर चालान से राहत मिल सकती है, लेकिन इससे अधिक तेज रफ्तार पर कार्रवाई की जाती है। अमित कुमार के मुताबिक इंटरसेप्टर के लिए प्रतिदिन करीब 50 चालान का लक्ष्य है। 22 सितंबर तक के आंकड़े के हिसाब से करीब 1100 चालान किए जा चुके हैं। वहीं मंगलवार को दोपहर तक 23 चालान किए जा चुके थे। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इंटरसेप्टर को देखकर वाहन चालक खुद ही रफ्तार कम कर रहे हैं। इससे सड़क हादसों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज रफ्तार से बचें और निर्धारित स्पीड लिमिट में ही वाहन चलाएं। ओवरस्पीडिंग पर लाइट व्हीकल का ₹2,000 और भारी/यात्री वाहनों का ₹4,000 का चालान किया जा सकता है।
What's Your Reaction?