सम्भल में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 हजार चालान से मचा हड़कंप; 250 वाहन सीज
सम्भल में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। छह हजार वाहनों के चालान काटे गए और ढाई सौ गाड़ियां सीज की गईं।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सम्भल पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की कार्रवाई से सड़क पर मनमानी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी सम्भल विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक सितंबर माह में अब तक करीब 6 हजार वाहनों के चालान किए जा चुके हैं, जबकि करीब 250 वाहनों को सीज किया गया है।
एसपी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। पुलिस उन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो निर्धारित नियमों और मानकों का उल्लंघन कर सड़क पर दौड़ रहे हैं। सबसे ज्यादा कार्रवाई ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के खिलाफ सामने आई है। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और वाहनों में नियम विरुद्ध बदलाव किए जाने की शिकायतों के बाद पुलिस ने अभियान चलाया। अब तक करीब 1100 ई-रिक्शा के चालान किए गए हैं, जबकि 200 से अधिक ई-रिक्शा सीज किए जा चुके हैं। इसके अलावा वाहनों में प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलने वालों पर भी पुलिस की नजर है। खासकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने साफ किया कि अभियान किसी एक इलाके तक सीमित नहीं रहेगा। सभी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि यातायात नियमों का पालन हो और आम लोगों का आवागमन सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से हो सके।
What's Your Reaction?