सम्भल में दर्दनाक हादसा! घर से लापता डेढ़ साल की मासूम की नाले में मिली लाश, परिवार में मचा कोहराम

सम्भल के चौधरी सराय इलाके में घर से लापता हुई डेढ़ साल की मासूम बच्ची का शव नाले से बरामद हुआ है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

By INA News Desk
Oct 15, 2026 - 21:45
8 Views
सम्भल में दर्दनाक हादसा! घर से लापता डेढ़ साल की मासूम की नाले में मिली लाश, परिवार में मचा कोहराम

Report : उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल के चौधरी सराय में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर से अचानक लापता हुई डेढ़ साल की मासूम बच्ची अलमाजिया की तलाश का अंत दर्दनाक खबर के साथ हुआ। कई घंटे तक बच्ची को तलाशने के बाद उसकी लाश रात करीब एक बजे नाले में तैरती हुई मिली। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं इलाके में भी मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, चौधरी सराय निवासी शहजाद की सात बच्चों में सबसे छोटी बेटी अलमाजिया की उम्र महज डेढ़ साल थी। बताया गया कि बच्ची अचानक घर से बाहर निकल गई और फिर वापस नहीं लौटी। काफी देर तक बच्ची के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोग और आसपास के लोग करीब चार से पांच घंटे तक मासूम को खोजते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

जब काफी तलाश के बावजूद बच्ची का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीओ कुलदीप सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी बच्ची की तलाश के लिए प्रयास किए। काफी खोजबीन के बाद रात करीब एक बजे मासूम का शव नाले में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आखिर बच्ची घर से बाहर कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में नाले तक गई, इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। डेढ़ साल की मासूम की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement