सम्भल में मकान विवाद: अकेली महिला ने जेठ के बेटों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, मंदिर को घर सौंपने का ऐलान
सम्भल के सरायतरीन में अकेली महिला ने जेठ के बेटों पर मकान खाली कराने और धमकाने का आरोप लगाया। सुरक्षा की मांग करते हुए मकान मंदिर को देने की बात कही।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल के सरायतरीन इलाके में एक महिला ने अपने जेठ के बेटों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला लुबना का आरोप है कि सलाउद्दीन और मोहसिन उसे लगातार परेशान कर रहे हैं और घर खाली करने का दबाव बना रहे हैं। महिला के मुताबिक उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी जाती है और रास्ते में पीछा करने के साथ घर की दीवारों पर दिन-रात हथौड़े मारकर डराने की कोशिश की जाती है।
महिला का आरोप है कि जब वह छत पर कपड़े धोने जाती है तो आरोपी उसे डंडे और पिस्तौल दिखाकर डराते हैं। लुबना का कहना है कि उसके पति नफीसुद्दीन के नाम मकान है और पति की मौत के बाद अब वह अकेली रह रही है। महिला का दावा है कि पहले उसके पति पर भी मकान खाली करने का दबाव बनाया जाता था। पीड़िता ने कहा कि उसे अपनी जान का खतरा है। उसने भावुक होकर कहा कि अगर भविष्य में उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसका मकान पक्के बाग स्थित मंदिर को दिया जाए और उसके मुकदमे की पैरवी सरकारी वकील के जरिए कराई जाए। महिला का कहना है कि उसने पुलिस और उच्च अधिकारियों को शिकायत दी है, लेकिन उसे अब भी डर बना हुआ है। अकेली रहने वाली लुबना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद और सुरक्षा की गुहार लगाई है। हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और दूसरे पक्ष का बयान सामने आना बाकी है।
What's Your Reaction?