इंटर्नशिप कर रही महिला पर पति का हमला! अस्पताल में घुसकर मारपीट का आरोप, न्याय की गुहार
Sambhal Hospital Assault Case: उत्तर प्रदेश के सम्भल में एक अस्पताल के अंदर घुसकर महिला इंटर्न के साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने पति और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल में एक महिला ने अपने पति और उसके साथियों पर अस्पताल में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। घायल महिला ने जिला अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया और थाना रायसत्ती में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ममता रानी ने बताया कि वह जोया रोड स्थित ग्राम परयावली के एक अस्पताल में इंटर्नशिप कर रही है। उसके अनुसार पति से पारिवारिक विवाद चल रहा है और वह अपने परिवार की सहमति से नौकरी कर रही है। आरोप है कि इसी दौरान उसका पति नेमपाल कार से अस्पताल पहुंचा। उसके साथ विशाल नाम का युवक और अन्य लोग भी मौजूद थे। ममता का आरोप है कि पति अस्पताल के अंदर कमरे तक पहुंच गया और उसके साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि उसे बेड से खींचकर बाहर निकाला गया और जान से मारने की कोशिश की गई।
शोर मचाने पर आसपास के लोगों के पहुंचने से मामला शांत हुआ। पीड़िता का कहना है कि उसे न तो ससुराल में रहने दिया जा रहा है और न ही अपनी मर्जी से काम करने की आजादी दी जा रही है। उसने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसे न्याय और सुरक्षा दोनों की जरूरत है। घटना के बाद पीड़िता ने थाना रायसत्ती में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?




