रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, सरिया-लाठी से हमला; पीड़ित ने गांव से बेदखल करने की धमकी का लगाया आरोप
Sambhal Crime Update: उत्तर प्रदेश के सम्भल में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। हमले में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल के थाना नखासा क्षेत्र के गांव मिलक ककरोआ में रास्ते के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित नूर आलम ने आरोप लगाया कि उनके घर जाने वाले रास्ते पर पड़ोसियों ने सीमेंट, बजरी, पत्थर और मक्का रखकर रास्ता बंद कर दिया था। जब उन्होंने रास्ता खाली करने को कहा तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी अपने परिवार के अन्य लोगों को बुलाकर उनके घर पर चढ़ आए और सरिया व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके भाई वासिफ और चाचा अरकान घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें गांव से भगा देने की धमकी भी दी। नूर आलम ने बताया कि उन्होंने तारीख, हसीब और अंसार समेत तीन लोगों के खिलाफ थाना नखासा में तहरीर दी है।
घायलों का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा चुका है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली लोग हैं और लगातार उन्हें गांव छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?




