Hardoi Crime News: टड़ियावां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की वारदातों का पर्दाफाश कर पांच शातिर चोर गिरफ्तार
Hardoi Police Action: टड़ियावां थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की दो बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का सामान बरामद।
Report : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई जिले की टड़ियावां थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय चोरों के एक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर हुई चोरी की दो बड़ी वारदातों की गुत्थी सुलझाते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए इन आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक कृषि पंपसेट और एक भारी लिस्टर इंजन भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों की पहचान टिंकू उर्फ विष्णु, चंदन गुप्ता, रामसिंह, अनुज और सुजीत पासी के रूप में हुई है। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में पिछले दिनों चोरी की दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पहली घटना के तहत नयागांव की रहने वाली पीड़िता रामदेवी के खेत से एक कीमती पंपसेट चोरी हो गया था। वहीं दूसरी वारदात कपूरपुर निवासी मुनेन्द्र सिंह के बाबूपुर कचनारी स्थित फार्म हाउस पर हुई थी, जहां से चोरों ने एक लिस्टर इंजन पार कर दिया था। इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए टड़ियावां थाना प्रभारी इख्तियार हुसैन के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद ली, जिसके बाद घेराबंदी करके इन पांचों आरोपियों को दबोच लिया गया।
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन के साथ उपनिरीक्षक अंजनी कुमार, अखिलेश कुमार और हजारीलाल वर्मा शामिल रहे। इसके अलावा मुख्य आरक्षी रामशब्द यादव और आरक्षी अभय कुमार, रोहित पाल, अम्बरीश कुमार, सन्नी साल्यान व कार्तिकेय यादव ने भी आरोपियों को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टड़ियावां थाना पुलिस ने बताया कि बरामद सामान को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्रीय किसानों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
Also Click : Hardoi Accident News: हरदोई में धान की कटाई के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मजदूर, करंट लगने से दर्दनाक मौत
What's Your Reaction?




