Hardoi Accident News: हरदोई में धान की कटाई के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मजदूर, करंट लगने से दर्दनाक मौत

Hardoi Crime News: हरदोई के लोनार क्षेत्र में कंबाइन मशीन पर काम कर रहा मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

Jul 19, 2026 - 15:04
 0  19
Hardoi Accident News: हरदोई में धान की कटाई के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मजदूर, करंट लगने से दर्दनाक मौत

Report : अभिषेक त्रिवेदी

हरदोई जिले के लोनार क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक खेत में धान की कटाई के दौरान कंबाइन मशीन पर काम कर रहा एक मजदूर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। बिजली की तारों से छू जाने के कारण युवक को जोरदार करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में उसे नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रशासनिक और स्थानीय सूत्रों से प्राप्त विवरण के मुताबिक, यह दुखद हादसा लोनार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले न्यौरादेव गांव में हुआ। हादसे का शिकार हुआ 28 वर्षीय युवक दिलशाद, शाहजहांपुर जिले के गुरी गांव का निवासी था। वह कंबाइन मशीन पर मजदूरी का काम करता था। इन दिनों वह कंबाइन संचालक लवप्रीत सिंह के साथ मिलकर न्यौरादेव गांव के खेतों में धान की फसल काटने के काम में लगा हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर के समय दिलशाद कंबाइन मशीन की छत पर खड़ा होकर काम की देखरेख कर रहा था। इसी दौरान नीचे कुछ देखने के प्रयास में उसका सिर अचानक ऊपर से निकल रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से टकरा गया। करंट लगते ही वह मशीन से नीचे गिर गया। वहां काम कर रहे साथी मजदूर अनुज और कंबाइन संचालक ने तुरंत उसे संभाला और बावन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर भागे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोनार कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर उसे सुरक्षित रखवा दिया है। पीड़ित परिवार से मिलने वाली तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Click : Sonam Wangchuk Health Update: सफदरजंग अस्पताल पर भरोसा नहीं, पति को प्राइवेट हॉस्पिटल शिफ्ट करने के लिए गीतांजलि ने खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow