अरीशा पर पति को फंसाने, ब्लैकमेल और धमकाने का आरोप: तीन बच्चों की मां उज्मा परवीन ने पुलिस से लगाई इंसाफ की गुहार
सम्भल में तीन बच्चों की मां उज्मा परवीन ने एक युवती पर अपने पति को जाल में फंसाने और परिवार को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय मांगा है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
पति को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाने, ब्लैकमेल करने और परिवार को धमकाने के आरोप लगाते हुए तीन बच्चों की मां उज्मा परवीन सीओ कार्यालय पहुंची और पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की। उज्मा ने आरोप लगाया कि आरिशा नाम की युवती उनके पति अनस को नशा कराकर गलत गतिविधियों में शामिल कर रही है और खुद को उनके साथ रिश्ते में बताकर उनके परिवार को बर्बाद करने की कोशिश कर रही है।
उज्मा का दावा है कि उन्होंने पिछले वर्ष भी आरिशा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी और कई अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि बाद में आरिशा ने समझौते के नाम पर पैसे मांगे। इसके बाद उन्होंने स्टाम्प पेपर पर लिखित समझौता कराया, जिसकी नोटरी भी कराई गई। उज्मा का कहना है कि उन्होंने आरिशा, उसकी मां और बहनों को रकम दी, जिसका वीडियो और अन्य दस्तावेजी सबूत भी उनके पास मौजूद हैं। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद आरिशा लगातार उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दे रही है। उनका कहना है कि उनके भाई, बच्चों और परिवार को नुकसान पहुंचाने तथा किडनैप कराने जैसी धमकियां दी जा रही हैं। उज्मा ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके भाइयों को झूठा बदनाम किया जा रहा है। तीन बच्चों की मां उज्मा परवीन ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
Also Click : हरदोई में मंदिर से घंटे चुराने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने पीतल के घंटे और बाइक की बरामद
What's Your Reaction?




