सम्भल कांग्रेस में बड़ा धमाका: अनदेखी और अपमान से नाराज तीन वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एक साथ दिया इस्तीफा
Sambhal Congress Internal Crisis: उत्तर प्रदेश के सम्भल में तीन वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने शहर अध्यक्ष पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। सम्भल शहर कांग्रेस कमेटी में उस समय हड़कंप मच गया, जब संगठन के तीन प्रमुख पदाधिकारियों ने अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों में नईम अंसारी, कलीम अंसारी और अंजार मंसूरी शामिल हैं।
इस्तीफा देने वाले नेताओं का आरोप है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार गौतम की कार्यशैली से वे बेहद आहत हैं। उनका कहना है कि संगठन में उन्हें न तो उचित मान-सम्मान मिल रहा है और न ही पार्टी के कार्यक्रमों की सूचना दी जाती है। नईम अंसारी ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष अपनी मर्जी से कुछ लोगों को साथ लेकर चलते हैं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पूरी तरह इग्नोर करते हैं। वहीं, 30 वर्षों से पार्टी से जुड़े कलीम अंसारी ने बताया कि उन्हें किसी भी कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी जाती, जिससे उनका पार्टी में बने रहना कठिन हो गया है।
इसी तरह, अंजार मंसूरी का भी कहना है कि उन्हें न तो दौरों पर साथ ले जाया जाता है और न ही संगठन में उनकी कोई पूछ-परख है। तीनों नेताओं ने स्पष्ट किया है कि वे कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं और राहुल गांधी के नेतृत्व में आस्था रखते हैं, लेकिन वे वर्तमान शहर अध्यक्ष के साथ काम करने में असमर्थ हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को भेज दिया है।
यह इस्तीफा सम्भल कांग्रेस में बड़े अंतर्कलह की ओर इशारा करता है। जहाँ एक तरफ पार्टी संगठन को मजबूत करने की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ वर्षों से पार्टी को सींचने वाले जमीनी कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। फिलहाल, इस सामूहिक इस्तीफे के बाद शहर कांग्रेस इकाई के भीतर अध्यक्ष की भूमिका पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय राजनीति में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या शीर्ष नेतृत्व इस मामले में हस्तक्षेप कर नाराज नेताओं को मना पाएगा, या फिर यह विवाद और गहराएगा।
What's Your Reaction?




