159वें स्थापना दिवस पर गौरव के रंग में रंगी संडीला नगर पालिका, विकास यात्रा के साक्षियों का हुआ सम्मान
जनपद हरदोई की सबसे पुरानी नगर पालिका परिषद संडीला का 159वां स्थापना दिवस मंगलवार को पूरे उत्साह,
रिपोर्ट : मुकेश सिंह सोमवंशी
संडीला (हरदोई)। जनपद हरदोई की सबसे पुरानी नगर पालिका परिषद संडीला का 159वां स्थापना दिवस मंगलवार को पूरे उत्साह, गरिमा और ऐतिहासिक गौरव के साथ मनाया गया। नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष मो. रईस अंसारी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मो. रईस अंसारी ने अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार तथा सभासदों के साथ स्थापना दिवस का केक काटकर किया। इसके उपरांत नगर पालिका के अधिकारियों एवं सभासदों ने अध्यक्ष का माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। वहीं अध्यक्ष मो. रईस अंसारी एवं अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने सभासदों, पत्रकारों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को स्मृति चिन्ह व माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन मो. रईस अंसारी ने कहा कि 14 जुलाई 1868 को स्थापित संडीला नगर पालिका आज अपने 159 वर्ष पूरे कर गौरवशाली इतिहास की नई इबारत लिख रही है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका ने अपने लंबे सफर में नगर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था तथा जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्यों के माध्यम से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया है और आगे भी विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि संडीला नगर पालिका के प्रथम चेयरमैन राजा दुर्गा प्रसाद थे, जिन्होंने नगर के सुनियोजित विकास की मजबूत नींव रखी। आज भी उनके दूरदर्शी कार्यों की छाप नगर के विकास में स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों ने उन्हें लगातार चौथी बार नगर पालिका अध्यक्ष बनने का अवसर दिया है, जबकि उनकी पत्नी शमसुनिशां भी एक बार नगर पालिका अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसे उन्होंने जनता के अटूट विश्वास और स्नेह का प्रतीक बताते हुए कहा कि वह पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ नगर के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने नगरवासियों से आह्वान किया कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित संडीला का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझकर सहयोग करेगा। समारोह के अंत में सभी अतिथियों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, आत्मीयता और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने संडीला नगर पालिका के उज्ज्वल भविष्य एवं नगर के सतत विकास की कामना की।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता इरफान हमीद ताज मियां, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राज मंगल सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर वीरेंद्र सिंह, मुकेश सिंह अध्यक्ष प्रेस क्लब संडीला पूरी टीम सहित, अब्दुल वली सिद्दीकी, प्रेम बाबा, अभय गुप्ता, सूफी शाहनवाज आलम, सभासदगण, नामित सभासद, पत्रकार, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Also Click : हरदोई में रास्ते के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष: युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, चार लोगों पर केस दर्ज
What's Your Reaction?




