Sitapur : सीतापुर में बसों पर रेडियम टेप लगाकर सड़क सुरक्षा का संदेश
अभियान की कमान एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने संभाली। उन्होंने बस चालकों और परिचालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्दियों में कोहरा और धुंध के कारण दृश्य
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर। जिलाधिकारी राजा गणपति आर. के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान रोडवेज और निजी बसों पर रेडियम टेप लगाए गए ताकि रात और कोहरे में वाहन दूर से दिखाई दें और दुर्घटना की आशंका कम हो।
अभियान की कमान एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने संभाली। उन्होंने बस चालकों और परिचालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्दियों में कोहरा और धुंध के कारण दृश्यता बहुत कम हो जाती है। ऐसे में रेडियम टेप प्रकाश को परावर्तित कर वाहन की स्थिति स्पष्ट करता है, जिससे सामने और पीछे से आने वाले वाहन चालक सुरक्षित दूरी रख सकें। उन्होंने सभी वाहन मालिकों से अपील की कि अपने वाहनों पर रेडियम टेप जरूर लगवाएं, रिफ्लेक्टर और लाइटें दुरुस्त रखें तथा सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता दें।
यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने चालकों को बताया कि रेडियम टेप एक सस्ता और कारगर उपाय है जो कोहरे में होने वाली टक्करों को काफी हद तक रोक सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ नियमों का पालन नहीं, बल्कि चालकों की जागरूकता और सावधानी पर भी निर्भर करती है।
परिवहन निगम की ओर से एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि बसों की फिटनेस, ब्रेक और रात में जांच को और सख्त किया जा रहा है। रेडियम टेप लगाना भी इसी सुरक्षा अभियान का हिस्सा है।
अभियान में बड़ी संख्या में रोडवेज के चालक और परिचालक मौजूद रहे। कई बसों पर मौके पर ही रेडियम टेप लगाए गए। यह अभियान पूरे जिले में लगातार चलेगा। प्रशासन का जोर सिर्फ चालान करने पर नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने पर है।
What's Your Reaction?











