Lucknow: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह 06 जनवरी को लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना। 

राजधानी लखनऊ में पर्यटन को नई गति और शहर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त स्वरूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने

Jan 5, 2026 - 19:13
 0  44
Lucknow: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह 06 जनवरी को लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना। 
  • आमजन के लिए 07 जनवरी से चलेगी लखनऊ दर्शन, 1090 चौराहे से होगी रवाना
  • 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर विशेष छूट, यूपीएसटीडीसी ने यात्रियों के लिए की किराए की घोषणा
  • लखनऊ दर्शन राजधानी की पहचान बनेगी- जयवीर सिंह

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में पर्यटन को नई गति और शहर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त स्वरूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मंगलवार (06 जनवरी) की सुबह 10 बजे 1090 चौराहे से लखनऊ दर्शन बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह बस पर्यटकों को एक ही यात्रा में राजधानी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक विरासत के दर्शन कराएगी। 

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी पर्यटन की दिशा में राजधानी लखनऊ एक नई पहल की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा के दो सफल मॉक ड्रिल के बाद अब शहरवासियों और पर्यटकों को 07 जनवरी से नियमित सिटी टूर का अनुभव मिलने जा रहा है। यह पहल न केवल लखनऊ की विरासत को नए अंदाज़ में प्रस्तुत करेगी, बल्कि सतत पर्यटन को भी सशक्त बनाएगी।

लखनऊ दर्शन बस सेवा पर्यटकों के लिए सुबह और शाम दोनों समय उपलब्ध होगी। प्रातः कालीन सेवा 08ः30 बजे से 11ः30 बजे तक की होगी। यात्रा की शुरुआत 1090 चौराहे से होगी। यात्रा के दौरान पर्यटक राजभवन, जीपीओ व हजरतगंज के आकर्षण से रूबरू होंगे। इसके पश्चात, पर्यटकों को बेगम हजरत महल पार्क, ग्लोब पार्क, छतर मंजिल होते हुए सन 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक रेजीडेंसी परिसर (40 मिनट) का अवलोकन कराया जाएगा। सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा से गुजरते हुए बस पुनः हजरतगंज पहुंचेगी, जहां विधान सभा भवन (40 मिनट) का विशेष भ्रमण कराया जाएगा। पुनः राजभवन, कैथेड्रिल चर्च के रास्ते बस यूपी दर्शन पार्क (30 मिनट) पहुंचेगी। आगे यह यात्रा अम्बेडकर पार्क, गोमती रिवर फ्रंट के सुंदर रास्तों से गुजरते हुए 1090 चौराहा पर संपन्न होगी। उक्त टूर पैकेज में रेजीडेंसी तथा उत्तर प्रदेश दर्शन पार्क में प्रवेश हेतु टिकट शामिल रहेगा, साथ ही विधान सभा भवन में विशेष प्रवेश की व्यवस्था भी की गई है। 

लखनऊ दर्शन बस सेवा पर्यटकों के लिए शाम के समय 04 बजे से 07 बजे के लिए निर्धारित की गई है। 1090 चौराहा, गोमती नगर से प्रारंभ होने वाली यह बस यात्रियों के साथ यूपी दर्शन पार्क (30 मिनट) पहुंचेगी। आंबेडकर पार्क, गोमती रिवर फ्रंट, कैथड्रिल चर्च, राजभवन के रास्ते पर्यटक यूपी विधानसभा (40 मिनट) पहुंचेंगे। फिर, सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा से होते हुए रेजीडेंसी पहुंचेंगे, जहां लाइट एंड साउंड शो का आनंद लेंगे। आगे यह यात्रा छतर मंजिल, ग्लोब पार्क, बेगम हजरत महल पार्क और जीपीओ के रास्ते फूड वैली पहुंचकर संपन्न होगी। 

लखनऊ दर्शन बस सेवा आम लोगों के लिए 07 जनवरी 2026 से शुरू होगी। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार सुबह या शाम के टूर पैकेज का चयन कर सकते हैं। वयस्कों (12 वर्ष से अधिक आयु) के लिए प्रति व्यक्ति किराया 500 रुपए और बच्चों (05 से 12 वर्ष आयु) के लिए 400 रुपए प्रति यात्री भुगतान करना होगा। यात्रा के दौरान यात्रियों को हल्का जलपान उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। इच्छुक यात्री https://www.upstdc.co.in/  से टिकट बुक कर सकते हैं। 

लखनऊ दर्शन एलिवेटेड सिटी टूर इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा को हरी झंडी दिखाए जाने के दौरान बस में मीडिया प्रतिनिधि, टूर एंड ट्रेवल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, पर्यटन तथा परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग सवार होंगे, जो इस अभिनव पहल के साक्षी बनेंगे।

Also Read- चीन ने पाकिस्तान को हथियार दिए, ट्रंप के बाद अब 'बड़े अब्बा' बनकर दावा किया- 'हमने रुकवाई भारत-पाकिस्तान की जंग'

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।