UP Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, क्रिटिकल बूथों के चिन्हीकरण और वल्नरेबिलिटी मैपिंग के निर्देश
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से
- आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत नाज़ुक (क्रिटिकल) मतदेय स्थलों के चिन्हीकरण एवं सुभेद्य (वल्नरेबिलिटी) मैपिंग की कार्यवाही प्रारम्भ करने के निर्देश
- प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में मतदान का अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता – मुख्य निर्वाचन अधिकारी
लखनऊ: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने प्रदेश के पुलिस आयुक्तों, समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों को नाज़ुक (क्रिटिकल) मतदेय स्थलों के चिन्हीकरण एवं सुभेद्य (वल्नरेबिलिटी) मैपिंग की कार्यवाही प्रारम्भ करने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में नाज़ुक (क्रिटिकल) मतदेय स्थलों का चिन्हीकरण गंभीरता एवं सतर्कता के साथ किया जाए। आयोग द्वारा इसके लिए सात प्रमुख मानक निर्धारित किए गए हैं। इनमें ऐसे मतदेय स्थल शामिल हैं, जो वल्नरेबल पॉकेट अथवा वल्नरेबल क्षेत्र में आते हैं, जहां पिछले निर्वाचन में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ हो और 75 प्रतिशत से अधिक मत किसी एक प्रत्याशी को प्राप्त हुए हों अथवा जहां 10 प्रतिशत से कम मतदान हुआ हो। इसके अतिरिक्त पिछले लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन में पुनर्मतदान की स्थिति, मतदान प्रक्रिया में अनियमितता अथवा बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं, अनुपस्थित, शिफ्टेड एवं मृतक मतदाताओं का प्रतिशत विधानसभा क्षेत्र के औसत से अधिक होना तथा संबंधित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की असामान्य स्थिति भी क्रिटिकल मतदेय स्थल के चिन्हीकरण के आधार होंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सुभेद्य (वल्नरेबिलिटी) मैपिंग का उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों एवं मतदाताओं की पहचान करना है, जहां किसी व्यक्ति अथवा समूह द्वारा मतदाताओं को मतदान करने से रोकने, डराने-धमकाने या प्रभावित करने की आशंका हो सकती है। इसके लिए ग्राम, मजरा एवं क्षेत्रवार ऐसे मतदाताओं अथवा मतदाता समूहों को चिन्हित किया जाएगा, जिन्हें मतदान के दौरान भय, दबाव अथवा किसी अन्य प्रकार की बाधा का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही मतदाताओं को प्रभावित करने अथवा भय का वातावरण उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक एवं विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि क्रिटिकल मतदेय स्थलों के चिन्हीकरण एवं वल्नरेबिलिटी मैपिंग की कार्यवाही में स्थानीय परिस्थितियों, पूर्व निर्वाचन के अनुभवों तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचनाओं का समुचित विश्लेषण किया जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय से संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करते हुए समयबद्ध ढंग से आवश्यक निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्रिटिकल मतदेय स्थलों का चिन्हीकरण एवं वल्नरेबिलिटी मैपिंग इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
What's Your Reaction?

