यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में फार्मा क्षेत्र में निवेश पर जोर, यूपीएफएसडीए ने जापानी निवेशकों को दिया आमंत्रण
यूपी-जापान निवेश सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने लगाया विशेष स्टॉल। जापानी निवेशकों को ड्रग और मेडिकल डिवाइस निर्माण में निवेश का आमंत्रण।
उत्तर प्रदेश में औषधि एवं खाद्य निर्माण क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने और अंतरराष्ट्रीय निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विशेष पहल की है। राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन में विभाग की ओर से एक विशेष सूचना केंद्र स्थापित किया गया। इस स्टॉल के माध्यम से सम्मेलन में शामिल हुए जापानी प्रतिनिधियों, वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों को राज्य में फार्मास्यूटिकल और मेडिकल डिवाइस निर्माण के क्षेत्र में उपलब्ध अपार संभावनाओं, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक सहयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
विभागीय अधिकारियों ने निवेशकों को अवगत कराया कि उत्तर प्रदेश तीव्र गति से देश के प्रमुख फार्मा हब के रूप में विकसित हो रहा है। राज्य में विशाल लैंड बैंक, आधुनिक औद्योगिक गलियारे, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति और उद्योग अनुकूल नीतियां निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करती हैं। जापानी कंपनियों को प्रदेश में अपनी अत्याधुनिक दवा निर्माण इकाइयां और मेडिकल उपकरण संयंत्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया गया। निवेशकों को बताया गया कि उत्तर प्रदेश न केवल एक विशाल घरेलू उपभोक्ता बाजार प्रस्तुत करता है, बल्कि यहां से वैश्विक बाजारों में निर्यात के लिए भी सुगम लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी उपलब्ध है।
निवेशकों की सुविधा और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा लाइसेंसिंग, अनुमति और अन्य विनियामक प्रक्रियाओं को पूरी तरह ऑनलाइन व पारदर्शी बनाया गया है। समयबद्ध स्वीकृतियों और सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए उद्योगपतियों को लालफीताशाही से मुक्त वातावरण प्रदान किया जा रहा है। सम्मेलन में मौजूद विदेशी उद्यमियों ने राज्य की फार्मा व मेडिकल डिवाइस नीतियों में गहरी रुचि दिखाई और उत्पादन संयंत्र स्थापित करने से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया।
What's Your Reaction?







