UP Mission Shakti Drive: यूपी के स्कूलों में मिशन शक्ति अभियान का दिखेगा बड़ा असर, 11 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया
यूपी के परिषदीय और केजीबीवी स्कूलों में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता अभियान चला। 11.72 लाख विद्यार्थियों, अभिभावकों व शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत प्रदेशभर के सरकारी विद्यालयों में जन-जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों में 11.72 लाख से अधिक लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस व्यापक सहभागिता में 8.16 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं, करीब 2.90 लाख अभिभावक और 65 हजार से अधिक शिक्षक शामिल रहे।
अभियान के दौरान विद्यालयों में बालिकाओं के मौलिक एवं कानूनी अधिकारों पर केंद्रित विशेष संवाद सत्र आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने सामाजिक कुरीतियों को मिटाने और महिला सुरक्षा का संदेश देने के लिए नुक्कड़ नाटक, कठपुतली शो और प्रेरक पोस्टरों के साथ जागरूकता रैलियां निकालीं। इसके साथ ही आपात स्थिति में मदद के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग तथा कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सचेत बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ये गतिविधियां छात्राओं में आत्मविश्वास भरने और भयमुक्त माहौल तैयार करने में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने बताया कि निर्धारित कार्ययोजना के तहत आगामी दिनों में भी ब्लॉक, तहसील, जिला और मण्डल स्तर पर वृहद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
What's Your Reaction?



