यूपी में छूटे और युवा वोटरों के लिए चलेगा विशेष अभियान, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दलों से मांगा सहयोग

उत्तर प्रदेश में छूटे और युवा वोटरों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों से सहयोग मांगा।

By INA News Desk
Oct 7, 2026 - 22:18
4 Views
यूपी में छूटे और युवा वोटरों के लिए चलेगा विशेष अभियान, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दलों से मांगा सहयोग

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए निर्वाचन तंत्र ने एक और बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के बाद छूटे हुए नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है और यह पूरी प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी पूर्व में प्रकाशित मतदाता सूचियों और पूरक सूचियों का मौजूदा सूची से मिलान करेंगे। ऐसे नामों की पहचान की जाएगी जो पहले सूची का हिस्सा थे लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। इन नागरिकों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए बूथ लेवल अधिकारी स्वयं उनके घर जाएंगे और सत्यापन करेंगे। इस दौरान जो भी नागरिक छूटे मिलेंगे या जो युवा पहली बार मतदाता बनने के पात्र होंगे, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम सूची में शामिल कराया जाएगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह सूची मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों और प्रतिनिधियों के साथ भी साझा की जाएगी।

समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों, बेघर और वंचित वर्ग के लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शिक्षण संस्थानों में जागरूकता सत्र, स्थानीय स्तर पर संपर्क और व्यापक प्रचार-प्रसार के जरिए युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी इस पूरे अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे। आगामी विधानसभा आम चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अर्हता तिथि के आधार पर संक्षिप्त पुनरीक्षण कराने का अनुरोध भी भारत निर्वाचन आयोग से किया गया है। बैठक में प्रमुख दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और निर्वाचन तंत्र ने उनसे अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow