मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, पोलिंग बूथों पर लगेंगे विशेष शिविर, बीएलओ भरवाएंगे फॉर्म
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए पोलिंग बूथों पर विशेष शिविर आयोजित होंगे। बीएलओ मौजूद रहकर फॉर्म 6, 7 और 8 भरवाएंगे।
देवबंद में नई मतदाता सूची तैयार करने और जरूरी सुधार के लिए प्रशासन की ओर से विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सभी निर्धारित पोलिंग बूथों पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां बीएलओ मौजूद रहकर नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे। नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ ही पुरानी प्रविष्टियों में संशोधन और अपात्र नामों को हटाने का कार्य भी इन शिविरों में पूरा किया जाएगा।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और एसडीएम विजय प्रताप सिंह के अनुसार मुख्य निर्वाचन अधिकारी की रूपरेखा के तहत यह विशेष प्रबंध किए गए हैं। अभियान के दौरान संबंधित केंद्रों पर बीएलओ फॉर्म संख्या 6, 7 और 8 उपलब्ध कराएंगे और उन्हें जमा करेंगे। पहली बार वोट बनवाने वाले युवा फॉर्म संख्या 6 भरकर अपना नाम वोटर लिस्ट में शामिल करा सकते हैं। इसके लिए आवेदकों को अपने साथ रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, उम्र और पते से जुड़े जरूरी कागजात की प्रमाणित प्रतिलिपि लानी होगी। साथ ही परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र भी साथ रखना जरूरी होगा। स्थानीय प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सभासदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों और युवाओं को मतदान अधिकार दिलाने के लिए इस प्रक्रिया में सहयोग करें।
What's Your Reaction?



