UP Voter Registration Drive: यूपी में 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष वोटर रजिस्ट्रेशन कैंप, ऐसे जुड़वाएं मतदाता सूची में नाम
यूपी के सभी बूथों पर 17 व 24 अक्टूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर लगेंगे। नए वोटर फॉर्म-6 भरकर आसानी से सूची में नाम जुड़वा सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को अपडेट करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत प्रदेश के सभी जिलों में 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों पर राज्य के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मौजूद रहेंगे, ताकि नए मतदाता आसानी से अपना पंजीकरण करा सकें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि शिविरों के दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची से छूटे हुए नागरिकों के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे। नए पंजीकरण के लिए आवेदकों को फॉर्म के साथ अपनी नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, आयु प्रमाण पत्र और निवास के पते से जुड़ा दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा। हर मतदान केंद्र पर एक सहायता केंद्र भी बनाया जाएगा, जहां बीएलओ नागरिकों को फॉर्म भरने में पूरी मदद करेंगे।
अभियान को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। सभी आवेदनों का समुचित रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर के दिनों में अपने बूथ पर पहुंचकर वोटर लिस्ट में अपना नाम जांचें और यदि नाम दर्ज न हो, तो फॉर्म-6 भरकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी तय करें।
What's Your Reaction?



