Hardoi Voter List Campaign: हरदोई में मतदाता सूची के लिए विशेष अभियान, बूथों पर बैठेंगे बीएलओ
हरदोई में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान। मतदान केंद्रों पर बीएलओ रहेंगे मौजूद, ऑनलाइन व ऑफलाइन फॉर्म जमा करने की व्यवस्था।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में हरदोई जिले के सभी निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत आगामी दो शनिवारों को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 10:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं और आवश्यक फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि जिले में वर्तमान में कुल 26,22,725 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 14,39,518 पुरुष, 11,83,161 महिला और 46 अन्य मतदाता शामिल हैं। विशेष अभियान दिवसों पर हर मतदान केंद्र पर नागरिकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है, जहां नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, संशोधन या नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 व 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे। स्थानीय नगर निकायों के सभासदों और ग्राम प्रधानों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।
ऑफलाइन आवेदन के अलावा नागरिक निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन ऐप के जरिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय व तहसील स्तर पर भी हेल्प डेस्क संचालित हैं। पोर्टल पर दिए गए 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' विकल्प का उपयोग करके मतदाता सीधे अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।
What's Your Reaction?



