Mission Shakti Hardoi: हरदोई में 5वीं की छात्रा महक बनीं एक दिन की हेडमास्टर, बच्चों ने संभाला स्कूल

हरदोई के प्राथमिक विद्यालय जंवर में मिशन शक्ति के तहत 5वीं की छात्रा महक एक दिन की प्रधानाध्यापक बनीं। बच्चों ने शिक्षकीय भूमिका निभाकर पढ़ाया।

By INA News Desk
Oct 13, 2026 - 21:59
4 Views
Mission Shakti Hardoi: हरदोई में 5वीं की छात्रा महक बनीं एक दिन की हेडमास्टर, बच्चों ने संभाला स्कूल

रिपोर्ट : मुकेश सिंह सोमवंशी

हरदोई जिले के संडीला विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जंवर में मिशन शक्ति अभियान के तहत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक निर्णय लेने का कौशल विकसित करने के उद्देश्य से कक्षा पांच की छात्रा महक को एक दिन के लिए विद्यालय का प्रधानाध्यापक बनाया गया। इस दौरान स्कूल के अन्य विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भूमिका निभाते हुए कक्षाओं में शिक्षण कार्य का संचालन किया।

विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सरोज कुमार और समस्त शिक्षक स्टाफ के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि में छात्रा महक को प्रधानाध्यापक की कुर्सी पर बैठाकर प्रशासनिक व शैक्षिक व्यवस्थाओं का व्यावहारिक अनुभव कराया गया। कार्यक्रम में पहुंचीं खंड शिक्षा अधिकारी प्रियंका सिंह ने भी बच्चों के साथ कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई की गतिविधियों को समझा और शिक्षकों के इस नवाचार की सराहना की। उन्होंने मातृ समूह की बैठक में माताओं से वार्ता कर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी जांची।

इस विशेष पहल से विद्यार्थियों को अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व के गुण सीखने का अवसर मिला। खंड शिक्षा अधिकारी ने 'टीम जंवर' के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जब बेटियों को अपनी क्षमता सिद्ध करने के अवसर मिलते हैं, तो वे भविष्य में मजबूत नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरती हैं। प्राथमिक विद्यालय जंवर की यह पहल पूरे जिले में बालिका सशक्तिकरण का एक नया उदाहरण बनकर सामने आई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow