UP Road Safety Budget 2026: सड़क सुरक्षा के लिए यूपी सरकार का बड़ा कदम, 22 हजार लाख से अधिक का बजट मंजूर

उत्तर प्रदेश में सड़क हादसों पर लगाम कसने के लिए परिवहन विभाग और यातायात निदेशालय का 22,206.66 लाख का बजट मंजूर। आधुनिक उपकरणों की होगी खरीद।

By INA News Desk
Oct 13, 2026 - 21:52
5 Views
UP Road Safety Budget 2026: सड़क सुरक्षा के लिए यूपी सरकार का बड़ा कदम, 22 हजार लाख से अधिक का बजट मंजूर

उत्तर प्रदेश में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। कोष प्रबंधन समिति की बैठक में परिवहन विभाग और यातायात निदेशालय के लिए कुल 22,206.66 लाख रुपए के बजट प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस वित्तीय प्रावधान का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना, प्रवर्तन तंत्र को तकनीकी रूप से सशक्त करना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

समीक्षा बैठक के दौरान परिवहन विभाग के लिए राजस्व मद में 5,461 लाख रुपए और पूंजीगत मद में 13,249.66 लाख रुपए यानी कुल 18,710.66 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं यातायात निदेशालय के वास्ते राजस्व मद में 1,000 लाख रुपए और पूंजीगत मद में 2,496 लाख रुपए सहित कुल 3,496 लाख रुपए का बजट अनुमोदित किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में हादसों की रोकथाम के लिए दीर्घकालिक और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

सड़क सुरक्षा अभियानों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाएगा। युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए शिक्षण संस्थानों में रोड सेफ्टी क्लब और विशेष प्रतियोगिताओं के आयोजन पर जोर दिया गया है। इसके अलावा प्रवर्तन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए इंटरसेप्टर वाहन, आधुनिक टैबलेट, डेसीबल मीटर और इलेक्ट्रॉनिक इन्फोर्समेंट डिवाइस की खरीद के साथ-साथ संवेदनशील जिलों में सड़क सुरक्षा अभियानों को तेज करने का निर्णय लिया गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow