लेखपाल भर्ती परीक्षा परिणाम पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष, यूपीएसएसएससी ने खारिज किए सभी आरोप
यूपीएसएसएससी सचिव हरिकेश चौरसिया ने लेखपाल भर्ती परीक्षा परिणाम में किसी भी गड़बड़ी को नकारा। कहा कि पूरी प्रक्रिया स्वचालित सॉफ्टवेयर आधारित है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने लेखपाल भर्ती परीक्षा के परिणाम को लेकर उठ रहे सवालों और आपत्तियों पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने कहा कि परिणाम तैयार करने और जारी करने की पूरी कार्यप्रणाली अत्यंत पारदर्शी, निष्पक्ष और पूरी शुद्धता के साथ संपन्न की गई है। चयन प्रक्रिया के हर चरण में निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन किया गया है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा मानवीय अनियमितता की तनिक भी गुंजाइश नहीं है।
सचिव ने कहा कि शासन और चयन आयोग युवाओं को बिना किसी भेदभाव के योग्यता के आधार पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित हैं। भर्ती परीक्षाओं का आयोजन और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की समूची व्यवस्था आधुनिक सॉफ्टवेयर आधारित प्रणाली पर संचालित होती है। इस स्वचालित तकनीक में बाहरी हस्तक्षेप अथवा मानवीय स्तर पर किसी भी फेरबदल की रत्ती भर भी संभावना नहीं रहती। ऐसे में मूल्यांकन व्यवस्था पर संदेह जताना पूरी तरह निराधार है।
परीक्षा परिणाम पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस प्रमाण के भ्रामक बातें फैलाना कतई उचित नहीं है। यदि किसी के पास गड़बड़ी से जुड़ा कोई प्रमाणित साक्ष्य है, तो उसे सक्षम मंच पर प्रस्तुत करना चाहिए। कुछ तत्व अनुचित मंशा के तहत अथवा व्यक्तिगत कारणों से अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर रहे हैं। आयोग की प्राथमिकता सदैव से ही योग्य अभ्यर्थियों के हितों का संरक्षण करना रहा है और भविष्य की सभी चयन प्रक्रियाओं में भी शुचिता और विश्वसनीयता पूरी तरह कायम रखी जाएगी।
What's Your Reaction?







