सीतापुर के तंबौर में बंद मकानों से चोरी करने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 18 लाख से अधिक का माल बरामद

सीतापुर के तंबौर में पुलिस ने बंद घरों में चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 3 सदस्यों को पकड़ा। 15 लाख के गहने और 3.60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

By INA News Desk
Sep 12, 2026 - 20:34
3 Views
सीतापुर के तंबौर में बंद मकानों से चोरी करने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 18 लाख से अधिक का माल बरामद

Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर

सीतापुर। तंबौर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने बंद घरों की टोह लेकर बड़ी चोरियों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों में कई मामलों में वांछित एक कुख्यात गैंगस्टर भी शामिल है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर दो अलग-अलग वारदातों में उड़ाए गए लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 3 लाख 60 हजार रुपये नकद और अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी लहरपुर अभिषेक कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार राय की टीम क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दलपतपुर गांव के समीप घेराबंदी कर शेखनटोला निवासी अजीम, नवाबगंज आजादनगर निवासी फरहान और नवाबशाहपुरवा निवासी राज को हिरासत में लिया गया। गहन पूछताछ में तीनों ने बंद मकानों की पहले रेकी करने और फिर ताला तोड़कर आभूषण व नकदी समेटने के सिलसिलेवार अपराध स्वीकार किए।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य अभियुक्त अजीम के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम और नकबजनी सहित कई संगीन धाराओं में पहले से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद संपत्ति को विधिक कब्जे में लेकर तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रशासन ने अवैध तरीके से जुटाई गई संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, साथ ही आसपास के इलाकों में हुई अन्य वारदातों के संबंध में इनसे मिले सुरागों की पड़ताल की जा रही है।

Also Click : Seva Sankalp Abhiyan UP: सेवा संकल्प अभियान से जुड़ेगा उत्तर प्रदेश का शिक्षा जगत, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow